मऊगंज न्यूज: हनुमना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लावारिस बोरी से 2.40 लाख का गांजा जब्त
डिजिटल डेस्क मऊगंज जिले के हनुमना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रीवा आईजी गौरव राजपूत के जनजागरूकता अभियान का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। ग्रामीणों और 'डायल-112' से मिली सटीक सूचना पर हनुमना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 किलो 620 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 40 हजार 620 रुपये आंकी गई है। मंगलवार शाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शशिकांत सरयाम ने प्रेसवार्ता कर इस कार्रवाई का खुलासा किया।
प्रतापगंज तिराहे के पास लावारिस मिली बोरी
एएसपी ने बताया कि 16 नवंबर की देर रात हनुमना थाना क्षेत्र में 'डायल-112' के जरिए संदिग्ध हालात में अवैध सामग्री ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तलाशी के दौरान प्रतापगंज तिराहे से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे एक संदिग्ध लावारिस बोरी पड़ी मिली। हरे रंग की पट्टी वाली इस काली बोरी का मुंह खुला था, जिसके भीतर खाकी रंग के कई पैकेटों में भारी मात्रा में गांजा भरा हुआ था।
तस्करों के रूट और मुख्य स्रोत की तलाश
पुलिस ने मौके से बोरी जब्त कर थाने में विधिवत तौल कराई, जिसमें कुल 24.620 किलोग्राम गांजा निकला। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 552/26, धारा 8/20(बी)/25 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्रेसवार्ता में किसी बच्चे की दुर्घटना से जुड़े सवाल पर एएसपी ने स्पष्ट किया कि शुरुआती दौर में भागने या दुर्घटना जैसी चर्चा सामने आई थी, लेकिन डायल-112 को मुख्य रूप से मादक पदार्थ के परिवहन की ही सूचना मिली थी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या तस्कर पकड़े जाने के डर से माल छोड़कर भागे हैं। फिलहाल, गांजे के मुख्य स्रोत और तस्करी में शामिल गिरोह की तलाश जारी है।
Created On :  
