पुणेः पति से झगड़े के बाद महिला ने आठवीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या
पुणे, 9 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पुणे से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। तलेगांव एमआईडीसी इलाके की एक पॉश सोसायटी 'अर्बन लाइफ टावर' में रहने वाली 35 वर्षीय महिला ने पति से झगड़े के बाद इमारत की 8वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी।
महिला की पहचान प्रतिभा शंकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले प्रतिभा और उनके पति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बहस इतनी बढ़ गई तो आवेश में आकर महिला ने बालकनी से छलांग लगा दी। 8वीं मंजिल से गिरने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
सोसायटी के ही एक अन्य नागरिक ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला बालकनी की रेलिंग पकड़कर कुछ देर लटकी रही, आसपास के लोग उसे बचाने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन पलक झपकते ही महिला का हाथ छूट गया और वह सीधे जमीन पर आ गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी और क्या महिला को आत्महत्या के लिए उकसाया गया था। इस घटना के बाद पूरी सोसायटी में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग सदमे में हैं।
इससे पहले 30 अप्रैल को पुणे के इंद्रापुर तालुका में ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर शिवानी विकास शिंदे ने आत्महत्या कर ली थी। मृतका की मां ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराकर बेटी को प्रताड़ित करने वाले ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत के मुताबिक ससुराल वाले लगातार शिवानी को अलग-अलग तरह से परेशान किया करते थे। उसे परेशान करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जाते थे। पति विकास शिंदे, देवर प्रकाश शिंदे व सास सुरेखा शिंदे शिवानी के चरित्र पर शक किया करते थे और उसके साथ मारपीट करते थे। उसे तरह-तरह से प्रताड़ित किया जाता था। इन सभी चीजों से शिवानी तंग आ चुकी थी और उसने आत्महत्या कर ली।
--आईएएनएनएस
ओपी/वीसी
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 May 2026 11:34 PM IST












