'पंजाब चुनाव से पहले कई टुकड़ों में बंट जाएगी कांग्रेस', एसआईआर पर मनन कुमार मिश्रा ने विपक्ष को घेरा

पंजाब चुनाव से पहले कई टुकड़ों में बंट जाएगी कांग्रेस, एसआईआर पर मनन कुमार मिश्रा ने विपक्ष को घेरा
पंजाब कांग्रेस में आपसी कलह और बगावत की आशंका के बीच भाजपा नेता मनन कुमार मिश्रा ने निशाना साधा। उन्‍होंने कहा कि आगामी चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी कई टुकड़ों में नजर आएगी।

नई दिल्‍ली, 9 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब कांग्रेस में आपसी कलह और बगावत की आशंका के बीच भाजपा नेता मनन कुमार मिश्रा ने निशाना साधा। उन्‍होंने कहा कि आगामी चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी कई टुकड़ों में नजर आएगी।

भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा, "पंजाब एक उदाहरण है। कांग्रेस के अंदर की आपसी लड़ाई और विवाद दिन-ब-दिन सामने आ रहे हैं। जैसे-जैसे पंजाब में चुनाव और लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, कांग्रेस टूटने की कगार पर है। यह अब साफ दिख रहा है।"

उन्‍होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में ऐसा कोई व्‍यक्ति नहीं है, जिसको सारे कांग्रेसी नेता मान लें। पंजाब कांग्रेस दो समूहों में बंट गई है और आगामी चुनाव आने से पहले पार्टी कई टुकड़ों में बंट जाएगी।

पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर मनन कुमार मिश्रा ने कहा, "जब सभी को एसआईआर की अहमियत और महत्व का एहसास होगा तो वे इसका स्वागत करेंगे और समझेंगे कि आज एसआईआर कितना जरूरी है।"

उन्‍होंने कहा कि एसआईआर निष्‍पक्ष चुनाव और स्‍वच्‍छ वोटर लिस्ट के लिए आयोग का कदम सराहनीय है। जब सुप्रीम कोर्ट ने एसआईआर पर मुहर लगा दी है तो ऐसे में कोई भी राजनीतिक पार्टी इसकी आलोचना करती है तो यह शर्मनाक है।

मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड में हिंदुओं को शामिल करने पर भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा कहते हैं, "मध्य प्रदेश के बाद, उत्तर प्रदेश सरकार ने भी उस कानून में बदलाव किया है जिसके तहत राज्य सरकारें ऐसे बदलाव कर सकती हैं, और उन्होंने वक्फ बोर्ड में दो गैर-मुस्लिम सदस्यों को शामिल किया है।"

भाजपा नेता ने कहा कि इससे निष्‍पक्ष रूप से कोई भी कार्रवाई की जा सकेगी और निर्णय लिया जा सकेगा। वक्‍फ बोर्ड सभी पक्षों को सुनने के बाद फैसला करेगा। यह उत्तर प्रदेश सरकार का अच्‍छा कदम है और इसका स्‍वागत होना चाहिए।

श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद के बीच यूपी के सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा है। उन्‍होंने कहा कि उनके समय में फंड कब्रिस्तानों में जाता था। इस बयान का भाजपा सांसद मनन मिश्रा ने समर्थन किया।

भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा, "सीएम योगी ने सही कहा है। राम मंदिर को लेकर जो भी गलत हुआ, उसके लिए जिम्मेदार लोगों ने सब गड़बड़ी की। चाहे अखिलेश हों, आम आदमी पार्टी के नेता हों, संजय सिंह हों या केजरीवाल, उन्होंने इस मुद्दे का मजाक बना दिया है। जनता भी उनके बेतुके बयानों से तंग आ चुकी है।"

उन्‍होंने कहा कि अगर कहीं कुछ गड़बड़ी हुई है तो उसकी जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी ने जांच के दायरे को बढ़ा दिया है, पुलिस कार्रवाई कर रही है। ट्रस्‍ट के कई लोगों ने इस्‍तीफा भी दे दिया है। विपक्षी दलों को राजनीति करने के लिए मुद्दा मिल गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 July 2026 6:41 PM IST

Tags

Next Story