पंजाब सीएम भगवंत मान ने राज्यपाल को जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने लिए लिखा पत्र
चंडीगढ़, 8 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को पत्र लिखकर जगतार सिंह हवारा को 10 दिन की पैरोल देने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने मानवीय आधार पर यह अनुरोध करते हुए कहा कि हवारा की वृद्ध मां की तबीयत लगातार खराब चल रही है और उनकी देखभाल के लिए पैरोल दिए जाने पर विचार किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि जगतार सिंह हवारा की मां अधिक आयु होने के कारण उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही हैं और उनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जगतार सिंह हवारा ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट से पैरोल की मांग की थी। मुख्यमंत्री के अनुसार, हाई कोर्ट ने भी उनकी पैरोल याचिका पर विचार करने के निर्देश दिए हैं।
भगवंत मान ने राज्यपाल से अनुरोध किया कि मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए और उनकी मां की खराब स्वास्थ्य स्थिति के मद्देनजर हवारा को जल्द से जल्द 10 दिनों की पैरोल प्रदान की जाए।
आनंदपुर साहिब से आम आदमी पार्टी के सांसद मलविंदर सिंह कंग ने भी सीएम मान के इस पत्र का समर्थन किया है और राज्यपाल से सहमति देने की उम्मीद जताई है।
मलविंदर सिंह कंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मैं मुख्यमंत्री भगवंत मान की उस अपील का पूरे दिल से समर्थन करता हूं जिसमें भाई जगतार सिंह हवारा के लिए 10 दिन की पैरोल मांगी गई है, ताकि वे अपनी बीमार और बुजुर्ग मां के साथ रह सकें, जिनकी सेहत बिगड़ रही है। यह राजनीति का सवाल नहीं है, बल्कि संवेदना, सम्मान और मां-बेटे के रिश्ते की पवित्रता का सवाल है।
उन्होंने आगे लिखा कि मैं व्यक्तिगत रूप से हवारा की मां से मिला हूं और बेटे से लंबे समय तक अलग रहने के कारण एक बुजुर्ग मां की खामोश पीड़ा को देखा है। हालात चाहे जो भी हों, इंसानी दुख को सहानुभूति और संवेदनशीलता के साथ देखा जाना चाहिए।
आप सांसद ने आगे कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि पंजाब के राज्यपाल इस अपील पर उसी मानवीय भावना के साथ विचार करेंगे, जिस भावना से यह अपील की गई है। इंसानियत के मामलों में संवेदना को ही प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Aug 2026 11:07 PM IST












