पंजाब धमाकों के पीछे बाहरी साजिश के संकेत, राजनीतिक बयानबाजी से बचने की सलाह रक्षा विशेषज्ञ अनिल गौर
जम्मू, 6 मई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर में रक्षा विशेषज्ञ (सेवानिवृत्त) कैप्टन अनिल गौर ने पंजाब में हाल ही में हुए दोहरे धमाकों और राजनीतिक बयानबाजी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पंजाब में जिस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, उससे यह संकेत मिलता है कि आईएसआई अब भी राज्य में अस्थिरता फैलाने की कोशिशों में सक्रिय रूप से शामिल है।
उनके अनुसार, ड्रोन के माध्यम से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की तस्करी की जा रही है और इसके जरिए कथित खालिस्तानी तत्वों को फिर से सक्रिय करने का प्रयास हो रहा है, ताकि यह संदेश दिया जा सके कि पंजाब में अशांति का माहौल है।
उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि हाल के दिनों में फायरिंग और विस्फोट जैसी घटनाएं इसी व्यापक साजिश का हिस्सा हो सकती हैं और इसकी गहन जांच जारी है, जिसमें राष्ट्रीय जांच एजेंसी के स्तर पर भी कार्रवाई की उम्मीद है।
गौर ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और विदेशों में यह नैरेटिव बनाने की कोशिश हो रही है कि खालिस्तानी तत्व फिर से सक्रिय होकर अलगाववादी मांगों को हवा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं के पीछे शामिल लोगों को जल्द ही कानून के दायरे में लाया जाएगा और सुरक्षा एजेंसियां इसकी तह तक पहुंचेंगी।
वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा भाजपा पर लगाए गए आरोपों की आलोचना करते हुए रक्षा विशेषज्ञ गौर ने कहा कि इस तरह की संवेदनशील घटनाओं पर किसी राजनीतिक दल को निशाना बनाना उचित नहीं है। जब यह व्यापक रूप से माना जा रहा है कि इसके पीछे बाहरी ताकतों की भूमिका हो सकती है, तो घरेलू राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से बचना चाहिए। ऐसी बयानबाजी से उन ताकतों को ही लाभ मिलता है, जो भारत में अस्थिरता फैलाना चाहती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि देश के सामने मौजूद सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होकर काम करना चाहिए। इस तरह के मामलों में आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है, ताकि किसी भी साजिश का प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 May 2026 11:23 PM IST












