पंजाब की हालत के लिए 'आप' जिम्मेदार, कांग्रेस वहां एक्सपायर्ड इंजेक्शन की तरह तरुण चुघ
गांधीनगर, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा के राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ ने पंजाब में ड्रग्स की स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "आज पंजाब भयानक स्थिति में है, इसके लिए आम आदमी पार्टी की सरकार जिम्मेदार है। पूरा पंजाब भय के वातावरण में है। मुख्यमंत्री भगवंत मान केजरीवाल की खुशामद में मस्त हैं। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों ही पंजाब के अंदर परफॉर्मेंस देने से चूक गई हैं।"
तरुण चुघ ने आईएएनएस से कहा कि कांग्रेस पार्टी में इस समय रस्साकस्सी चरम पर है। जब-जब कांग्रेस ने चुनाव से पहले नेतृत्व परिवर्तन किया, तब-तब कांग्रेस का सूपड़ा साफ हुआ है। वही हाल परगट सिंह को अध्यक्ष बनाने के बाद भी वहां होने वाला है। आज पंजाब में कांग्रेस एक एक्सपायर्ड इंजेक्शन की तरह है। पंजाब में कांग्रेस पार्टी तीसरे नंबर पर है।
बता दें कि कांग्रेस ने 2 अक्टूबर को जालंधर कैंट से विधायक और पूर्व ओलंपियन परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
वहीं, गांधीनगर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा प्रभारी और राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ ने गुजरात में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने को लेकर कहा, "आप सभी को बहुत-बहुत बधाई। आप भाग्यशाली हैं कि संविधान निर्माताओं ने जो सपना देखा था, उसे पूरा करने की दिशा में गुजरात आगे बढ़ा है। गुजरात में सभी के लिए समान नागरिक संहिता लागू की गई है। मैं गुजरात के लोगों, राज्य कैबिनेट, मुख्यमंत्री और हर उस नागरिक को बधाई देता हूं जिसने गुजरात में यूसीसी को लागू करना संभव बनाया।"
गांधीनगर महानगरपालिका चुनाव को लेकर तरुण चुघ ने कहा, "भाजपा की टीम गांधीनगर में बहुत मजबूती से चुनाव लड़ रही है। हमारे जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में हर कार्यकर्ता लोगों तक पहुंच रहे हैं और हमारे काम, ऐतिहासिक विकास, सुशासन और भयमुक्त प्रशासन के बारे में बता रहे हैं। जनता हमें आशीर्वाद देगी और हम निश्चित रूप से गांधीनगर में रिकॉर्ड सीटें जीतेंगे।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Oct 2026 3:40 PM IST












