- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पांढुर्ना
- /
- तेंदुए ने कोठे में घुसकर छह बकरियों...
पांढुर्ना न्यूज: तेंदुए ने कोठे में घुसकर छह बकरियों का किया शिकार

डिजिटल न्यूज पांढुर्ना।
वन विभाग के बड़चिचोली सर्किल के अंतर्गत ग्राम सिंदेवानी में तेंदुए ने कोठे में घुसकर छह बकरियों का शिकार कर लिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। तेंदुए के हमले में बकरियों की मौत होने से पशुपालक महिला को करीब 40 हजार रूपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेंदुए की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग से आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग कीं। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सिंदेवानी निवासी गंगाबाई शंकर मानमोडे़ ने रोज की तरह अपनी बकरियों को कोठे में बंद करके रखा था। रात के समय तेंदुआ कोठे में घुस गया। यहां बंद बकरियों पर हमला कर उसने छह बकरियों का शिकार कर लिया। सुबह जब महिला ने उठकर देखा तो बकरियां मृत मिलीं।
घटना की सूचना पर वन विभाग के डिप्टी रेंजर गुलाबराव धुर्वे, वनरक्षक विनय उईके एवं अंकित सिंह मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तेंदुए के हमले से हुई क्षति का जायजा लिया। साथ ही पंचनामा कार्रवाई की गई। तेंदुए द्वारा आबादी क्षेत्र के नजदीक आकर कोठे में बंद बकरियों का शिकार किए जाने के बाद ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
Created On :   4 Oct 2026 3:32 PM IST












