- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पांढुर्ना
- /
- कम बारिश से बढ़ी किसानों की चिंता...
Pandhurna news: कम बारिश से बढ़ी किसानों की चिंता :पानी के अभाव में मुरझाकर सूखने लगी फसलें

डिजिटल न्यूज पांढुर्ना.
इस साल अपेक्षाकृत कम बारिश होने का असर अब खरीफ फसलों पर दिखाई देने लगा है। बारिश के अभाव में ग्रामीण क्षेत्रों के जलस्त्रोतों का जलस्तर तेजी से नीचे जा रहा है। खेतों में खड़ी फसलों को इस समय सिंचाई की आवश्यकता है, लेकिन कुओं में पानी कम होने के कारण किसान पर्याप्त सिंचाई नहीं कर पा रहे है। इसका सीधा असर फसलों की स्थिति पर पड़ रहा है। कई खेतों में तुअर, कपास, मूंगफली सहित अन्य फसलें पानी के अभाव में मुरझाकर सूखने लगी है। किसानों के अनुसार कई कुओं में पहले की तुलना में पानी काफी कम रह गया है। ऐसे में मोटर चलाने के बावजूद पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में बारिश नहीं हुई और सिंचाई के लिए पानी की व्यवस्था नहीं हुई तो खेतों में खड़ी फसलों को बचाना मुश्किल हो सकता है।
इसी समस्या को लेकर ग्राम लांघा के किसान कपूर किनकर ने फसलों की स्थिति को लेकर अपनी चिंता जताते हुए बताया कि पानी की कमी के कारण फसलों को समय पर सिंचाई नहीं मिल पा रही है। खेतों में फसलें सूखने की स्थिति में पहुंच रही हैं और किसान के सामने फसल को बचाने का संकट खड़ा हो गया है। किसान कपूर किनकर ने प्रशासन का ध्यान किसानों की समस्या की ओर आकर्षित करते हुए क्षेत्र की फसलों का सर्वे कराने की मांग की है। उन्होंने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग भी रखीं। पानी की कमी का असर खेतों में खड़ी तुअर, कपास, मूंगफली सहित अन्य खरीफ फसलों पर पड़ रहा है। किसानों के अनुसार फसल को इस समय पर्याप्त नमी नहीं मिलने से पौधों की बढ़वार प्रभावित हो रही है। लगातार पानी की कमी बनी रही तो उत्पादन पर भी असर पड़ने की आशंका है।
किसान वासुदेव किनकर ने बताया कि फसलें लगातार सूख रही हैं। बारिश कम होने से खेतों की नमी तेजी से खत्म हो रही है और कुओं में भी पानी कम हो गया है। ऐसे में किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
Created On :   3 Oct 2026 2:43 PM IST












