पांढुर्ना न्यूज: घटिया निर्माण पर नपा प्रशासन का एक्शन, रिटर्निंग वॉल तोड़ने के आदेश।

घटिया निर्माण पर नपा प्रशासन का एक्शन, रिटर्निंग वॉल तोड़ने के आदेश।
तकनीकी निगरानी के बिना काम कराने पर ठेकेदार पर 4.50 लाख रूपए का जुर्माना, तीन दिन में मांगा प्रतिवेदन

डिजिटल डेस्क पांढुर्ना.

शहर के मध्य से गुजरने वाली छोटी चंद्रभागा नदी के किनारे वसई वार्ड में निर्माणाधीन आरसीसी रिटर्निंग वाॅल की गुणवत्ता को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद नगर पालिका प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। सोमवार को सीएमओ हेमेश्वरी पटले, इंजीनियर विवेक बेलिया सहित नगर पालिका के अमले ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और ठेकेदार एजेंसी अर्नव इंटरप्राइजेस छिंदवाड़ा को नोटिस जारी कर निर्माणाधीन रिटर्निंग वाॅल को तोड़कर हटाने के निर्देश दिए।

नगर पालिका द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के चतुर्थ चरण के तहत वसई वार्ड में छोटी चंद्रभागा नदी के किनारे आरसीसी रिटर्निंग वाॅल का निर्माण कराया जा रहा है। उपयंत्री की रिपोर्ट के बाद अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण में निर्माण कार्य में तकनीकी निगरानी का अभाव और निर्धारित मापदंडों के विपरीत निर्माण पाए जाने की बात कही गई है। नपा ने इसे अस्वीकार्य बताते हुए संबंधित निर्माण को तत्काल हटाने और तीन दिवस के भीतर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

4.50 लाख का जुर्माना, दोबारा गलती पर अनुबंध निरस्त करने की चेतावनी

नगर पालिका ने ठेकेदार की लापरवाही को अनुबंधात्मक दायित्वों की अवहेलना मानते हुए चार लाख 50 हजार रूपए का जुर्माना अधिरोपित किया है। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति होने पर ठेकेदार के साथ किया गया अनुबंध निरस्त करने के साथ ही ब्लैकलिस्ट किए जाने की कार्रवाई की जाएगी। सनद रहे कि अर्नव कंस्ट्रक्शन कंपनी पिछले करीब तीन वर्षों से पांढुर्ना में विभिन्न निर्माण कार्य कर रही है। इससे पहले भी कंपनी द्वारा बनाई गई रिटर्निंग वाॅल, पुलिया और गुरूदेव काॅम्प्लेक्स के सामने परिसर के निर्माण को लेकर शिकायतें सामने आ चुकी है। शिकायतों के बाद नगर पालिका के निर्देश पर गुरूदेव काॅम्प्लेक्स के सामने लगाए गए पेवर ब्लाॅक भी हटाए गए। वहीं अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठते रहे है।

इनका कहनाः

-शिकायत मिलने के बाद कमजोर निर्माण कार्य को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि अब भी गुणवत्तायुक्त कार्य नहीं हुआ तो ठेकेदार के खिलाफ और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

-हेमेश्वरी पटले,सीएमओ, नगर पालिका पांढुर्ना।


Created On :   28 Sept 2026 8:38 PM IST

Tags

Next Story