- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पांढुर्ना
- /
- छोटे गांव की बेटी अब अंतरराष्ट्रीय...
पांढुर्णा न्यूज: छोटे गांव की बेटी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर करेगी भारत का प्रतिनिधित्व

डिजिटल डेस्क पांढुर्णा। बैतूल जिले के मुलताई तहसील के छोटे से गांव महतपुर की बेटी और मध्यप्रदेश पुलिस की रक्षित निरीक्षक श्रीमती अनीता सिवडे अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्हें संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन (यूएन मिशन) के तहत दक्षिण सूडान में नई जिम्मेदारी मिली है। रवाना होने से पहले पांढुर्ना पुलिस विभाग की ओर से उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
विदाई समारोह में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ और हार पहनाकर अनीता सिवडे को शुभकामनाएं दीं। समारोह में एक ओर उनके साथ बिताए सेवाकाल की यादों को लेकर भावुकता रही, वहीं दूसरी ओर उनकी उपलब्धि को लेकर पुलिस परिवार में गर्व का माहौल रहा।
2010 में सूबेदार से शुरू किया था सफर
अनीता सिवडे ने वर्ष 2010 में मध्यप्रदेश पुलिस में सूबेदार के रूप में सेवा शुरू की थी। वर्ष 2013 में उन्हें रक्षित निरीक्षक के पद पर पदोन्नति मिली। पांढुर्णा, छिंदवाड़ा और जबलपुर सहित विभिन्न स्थानों पर उन्होंने सेवाएं दीं। कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और कार्यक्षमता के लिए उनकी विभाग में अलग पहचान बनी।
उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए वर्ष 2025 में रुस्तमजी अवार्ड और केंद्रीय गृहमंत्री पदक से भी सम्मानित किया गया। अब संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में भारत की ओर से सेवा करने का अवसर उनके सेवाकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल हो गया है।
सेना से सेवानिवृत्त पति, बच्चे भी यात्रा का हिस्सा
अनीता सिवडे के जीवनसाथी श्री नेपाल सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। उनके दोनों बच्चे जहानवी और दिव्यांश भी उनकी इस गौरवपूर्ण यात्रा का हिस्सा हैं। छोटे से गांव से निकलकर पुलिस सेवा में मुकाम हासिल करने के बाद अंतरराष्ट्रीय शांति मिशन तक पहुंचना क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायी है।
विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक प्रकाश परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोकामना प्रसाद, एसडीओपी बृजेश भार्गव, श्रीमती प्रियंका पांडे, पांढुर्णा थाना प्रभारी अमित दानी, सौसर थाना प्रभारी रूपलाल उइके, लोधीखेड़ा थाना प्रभारी मर्सकोले, महिला सेल प्रभारी श्रीमती संध्या रानी सक्सेना सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने उनके आगामी दायित्व के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं दीं।
Created On :   17 Sept 2026 4:36 PM IST









