पंजाब में 153 नए आम आदमी क्लीनिक का तोहफा देंगे सीएम भगवंत मान
चंडीगढ़, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान बुधवार को होशियारपुर में नए आम आदमी क्लीनिक का उद्घाटन करेंगे। आज से पंजाब वासियों को 153 नए आम आदमी क्लीनिक मिलेंगे। इन 153 नए क्लीनिकों के साथ राज्य में आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,245 हो जाएगी।
हर क्लीनिक में 107 आवश्यक दवाइयां और 47 डायग्नोस्टिक टेस्ट पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध होंगे। सरकार के अनुसार अब तक इन क्लीनिकों से 6.48 करोड़ ओपीडी और 3.63 करोड़ से ज्यादा मुफ्त डायग्नोस्टिक टेस्ट का लाभ लोगों को मिल चुका है।
इससे पहले 25 जुलाई को पंजाब में स्वास्थ्य सुविधाओं को लोगों के घर तक पहुंचाने के लिए भगवंत मान सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया था। 25 जुलाई से 27 जुलाई के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में नए आम आदमी क्लीनिक शुरू किए गए थे। इन क्लीनिकों का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में किया था।
इन नए क्लीनिकों के शुरू होने के बाद पंजाब में आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,090 हो गई थी। इनमें 73 क्लीनिक शहरी क्षेत्रों में और 27 क्लीनिक ग्रामीण इलाकों में खोले गए थे, जिससे शहरों के साथ-साथ गांवों में भी लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल सकें।
आम आदमी क्लीनिक पंजाब सरकार की प्रमुख स्वास्थ्य योजना है। इसके तहत गांवों और शहरों में लोगों के घर के पास क्लीनिक स्थापित किए गए हैं, ताकि हर नागरिक को आसानी से इलाज मिल सके।
इन क्लीनिकों में बुखार, सर्दी-जुकाम, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर जैसी सामान्य बीमारियों का मुफ्त इलाज किया जाता है। डॉक्टर की सलाह के अनुसार जरूरी दवाइयां निशुल्क दी जाती हैं। साथ ही शुगर, टाइफाइड, ब्लड टेस्ट सहित कई जरूरी लैब जांचें भी बिना किसी शुल्क के कराई जाती हैं।
प्रत्येक आम आदमी क्लीनिक में एक एमबीबीएस डॉक्टर (या टेली-कंसल्टेशन की सुविधा), एक फार्मासिस्ट और सहायक स्टाफ मौजूद रहता है ताकि मरीजों को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Oct 2026 11:00 AM IST












