पंजाब में जनता बदलाव के लिए तैयार, रोजाना आ रही जबरन वसूली और गैंगस्टरवाद की खबरें सचिन पायलट

पंजाब में जनता बदलाव के लिए तैयार, रोजाना आ रही जबरन वसूली और गैंगस्टरवाद की खबरें सचिन पायलट
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) की भगवंत मान सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता बदलाव के लिए तैयार है और लोग बेसब्री से चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। पायलट ने कहा कि कांग्रेस मुद्दों पर आधारित राजनीति कर रही है और सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह होना पड़ेगा।

मोहाली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) की भगवंत मान सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता बदलाव के लिए तैयार है और लोग बेसब्री से चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। पायलट ने कहा कि कांग्रेस मुद्दों पर आधारित राजनीति कर रही है और सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह होना पड़ेगा।

मोहाली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस का चुनाव प्रचार काफी अच्छा चल रहा है। खन्ना में पार्टी की एक जनसभा आयोजित की जा रही है। राहुल गांधी की ओर से शुरू किए गए साइकिल मार्च और इंसाफ रैली के बाद लगातार लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है और आगामी चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा।

पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पायलट ने कहा कि राज्य से रोजाना जबरन वसूली, फिरौती की मांग, गैंगस्टरों और नशीले पदार्थों से जुड़ी खबरें सामने आ रही हैं। इससे प्रदेश के युवाओं में निराशा बढ़ रही है। पंजाब के लोग अब इस स्थिति से बाहर निकलना चाहते हैं। कांग्रेस राज्य में एक नई शुरुआत करना चाहती है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए पायलट ने कहा कि उन्हें अफसोस है कि मुख्यमंत्री गंभीर मुद्दों को भी हल्के में लेते हैं। वह हर बात पर मजाक करते और चुटकुले सुनाते रहते हैं, जबकि पंजाब को गंभीर समस्याओं के समाधान के लिए जिम्मेदार और संवेदनशील राजनीति की जरूरत है।

पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में शामिल होने पर पायलट ने कहा कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था। कैप्टन अमरिंदर सिंह के गांधी परिवार से पुराने संबंध रहे हैं। उन्हें आमंत्रित किया गया था और वह शिष्टाचार के नाते कार्यक्रम में शामिल हुए। उनकी मौजूदगी गरिमापूर्ण रही।

वहीं, पंजाब विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण को लेकर पायलट ने बताया कि स्क्रीनिंग कमेटी और प्रदेश चुनाव समिति का गठन हो चुका है। जल्द ही बैठक होगी। पार्टी सर्वे के आधार पर योग्य उम्मीदवारों का चयन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नए, शिक्षित और ईमानदार चेहरों को प्राथमिकता देना चाहती है, जैसा कि राहुल गांधी भी लगातार जोर देते रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story