पंजाब यूनिवर्सिटी में गोलीबारी मामले का मुख्य शूटर गिरफ्तार, पुलिस ने दी जानकारी
चंडीगढ़, 26 मार्च (आईएएनएस)। चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में बॉटनी विभाग के पास गोलीबारी की घटना में पंजाब की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में एक आरोपी (शूटर) को गिरफ्तार कर लिया है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में 17 मार्च, 2026 को पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ में छात्र नेता जशनप्रीत सिंह जवंदा पर हुए गोलीबारी के मामले में मुख्य शूटर जसप्रीत सिंह उर्फ जस को गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी को अमलोह-पातरान रोड पर संक्षिप्त गोलीबारी के बाद गिरफ्तार किया गया, जिसमें वह घायल हो गया और उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि यह हमला बंबीहा गैंग के डोनी बल के इशारे पर किया गया था। घटनाक्रम के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष संबंध स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।
पंजाब पुलिस गैंगस्टरों के नेटवर्क पर नकेल कसने और पूरे पंजाब में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बता दें कि 17 मार्च की शाम को दो अज्ञात व्यक्ति दोपहिया वाहन पर सवार होकर कैंपस में घुसे और यूनिवर्सिटी के बॉटनी विभाग के पास पार्किंग एरिया में पहुंचकर हवा में दो गोलियां चलाईं। इसके बाद वे अंकुर स्कूल रोड से होते हुए कैंपस के अंदर बने मंदिर की तरफ भाग निकले।
दोनों आरोपियों ने अपना दोपहिया वाहन वहीं छोड़ दिया, मंदिर वाले इलाके को पैदल पार किया और कैंपस से बाहर निकल गए। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, आरोपियों को पंजाब सीमा की तरफ भागने से पहले बंदूक की नोक पर एक मोटरसाइकिल छीनते हुए देखा गया।
चंडीगढ़ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंवरदीप कौर ने कहा, "पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जांच से पता चलता है कि गोलियां जशनप्रीत (जशन) सिंह जवंदा नाम के एक व्यक्ति को धमकाने के लिए चलाई गई थीं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 March 2026 8:54 PM IST












