पूर्वी दिल्ली में हथियारबंद लूटकांड का खुलासा 5 आरोपी गिरफ्तार, सोने की चेन और 2.31 लाख रुपए बरामद
नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सोने के व्यापारी से हुई हथियारबंद लूट की गुत्थी सुलझा ली है। स्पेशल स्टाफ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट और प्रीत विहार थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो मुख्य लुटेरों सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लूटे गए 21 सोने की चेन और 2.31 लाख रुपए नकद भी बरामद किए हैं, जो कुल लूटे गए माल का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा है।
पुलिस की ओर से शुक्रवार को जारी एक प्रेस नोट के अनुसार, यह वारदात 3 मई की रात करीब 10:30 बजे की है, जब मंडावली में पिछले 22 वर्षों से काम कर रहे स्वर्णकार सुकुमार धारा अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। तभी दो सशस्त्र बदमाशों ने उन्हें रोककर उनकी स्कूटी, 23 सोने की चेन, अन्य आभूषण, 3 लाख रुपए नकद और मोबाइल फोन लूट लिया। इस मामले में प्रीत विहार थाने में एफआईआर दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने 10 दिनों में 600 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आरोपी लगातार पुलिस से बचने के लिए कपड़े बदलते रहे, अलग-अलग वाहनों का इस्तेमाल किया और यहां तक कि लूटा गया मोबाइल एक चलते ट्रक में फेंक दिया ताकि जांच को गुमराह किया जा सके।
पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, स्थानीय खुफिया जानकारी और लगातार निगरानी के जरिए आरोपियों की मूवमेंट को ट्रेस किया। जांच में सामने आया कि आरोपी विकास मार्ग, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, सिग्नेचर ब्रिज, भजनपुरा, घोंडा होते हुए जाफराबाद (उत्तर-पूर्वी दिल्ली) तक पहुंचे थे। अंततः पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय कुमार (30), सुनील (35), अर्जुन (26), आनंद (21) और हरीश (42) के रूप में हुई है। इनमें विजय कुमार और सुनील मुख्य लुटेरे हैं, जबकि अन्य तीन आरोपी रेकी और सूचना देने में शामिल थे। विजय कुमार पर पहले से 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ज्वेलरी बैग, फ्लोरोसेंट जैकेट, वारदात में पहने गए कपड़े, हेलमेट और पिट्ठू बैग भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, इस ऑपरेशन ने पूर्वी जिला पुलिस की तकनीकी दक्षता और पेशेवर जांच क्षमता को दर्शाया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 May 2026 5:37 PM IST












