महाराष्ट्र अब एआई हब: मुंबई एमएमआर में बनेगा ग्रीन डेटा सेंटर पार्क, 8 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार, 1.14 लाख करोड़ का करार

मुंबई एमएमआर में बनेगा ग्रीन डेटा सेंटर पार्क, 8 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार, 1.14 लाख करोड़ का करार
  • उद्योग विभाग और एएम इंटेलिजेंस के बीच हुआ 1.14 लाख करोड़ का करार
  • 8 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार

Mumbai News. राज्य सरकार ने डिजिटल और हाईटेक इंफ्रास्ट्रक्चर को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में राज्य के उद्योग विभाग और एएम इंटेलिजेंस लैब्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच गुरुवार को 1 लाख 14 हजार करोड़ रुपए के निवेश का करार हुआ। इस मेगा प्रोजेक्ट के जरिए मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में इंटीग्रेटेड ग्रीन डेटा सेंटर पार्क और अत्याधुनिक एआई कॉम्प्यूट हब विकसित किया जाएगा। सरकार का दावा है कि इससे राज्य में करीब 8 हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

दो चरणों में बनेगा प्रोजेक्ट

राज्य सरकार के अनुसार यह प्रोजेक्ट पूरी तरह अक्षय ऊर्जा आधारित होगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। परियोजना को दो चरणों में विकसित किया जाएगा। पहले चरण में 200 मेगावॉट जबकि दूसरे चरण में 300 मेगावॉट का लक्ष्य रखा गया है। पूरे प्रोजेक्ट की कुल क्षमता 500 मेगावॉट होगी।

2.5 लाख एआई चिपसेट्स का होगा इस्तेमाल

इस हाईटेक प्रोजेक्ट में 2 लाख 50 हजार उच्च क्षमता वाले एआई चिपसेट्स लगाए जाएंगे। माना जा रहा है कि यह देश के सबसे बड़े एआई और डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक होगा। सरकार के मुताबिक इस परियोजना से सॉफ्टवेयर इंजीनियर, डेटा साइंटिस्ट, टेक्निकल ऑपरेशंस और अन्य हाईटेक क्षेत्रों में रोजगार बढ़ेगा। इसके अलावा निर्माण कार्य के दौरान करीब 2 हजार अतिरिक्त रोजगार भी उपलब्ध होंगे।

महाराष्ट्र को एआई हब बनाने की तैयारी

यह परियोजना राज्य की सूचना प्रौद्योगिकी नीति 2023 और ग्रीन इंटीग्रेटेड डेटा सेंटर पार्क नीति 2024 के तहत विकसित की जाएगी। सरकार का लक्ष्य महाराष्ट्र को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाना है।

Created On :   15 May 2026 5:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story