पीवी सिंधु के ओलंपिक गोल्ड का सपना तोड़ने वाली कैरोलिना मारिन ने लिया संन्यास

पीवी सिंधु के ओलंपिक गोल्ड का सपना तोड़ने वाली कैरोलिना मारिन ने लिया संन्यास
रियो ओलंपिक 2016 के महिला एकल बैडमिंटन के फाइनल में भारतीय स्टार पीवी सिंधु को हराकर उनका और करोड़ों भारतीयों के गोल्ड मेडल का सपना तोड़ने वाली स्पेन की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी कैरोलिना मारिन ने संन्यास ले लिया है।

मैड्रिड, 26 मार्च (आईएएनएस)। रियो ओलंपिक 2016 के महिला एकल बैडमिंटन के फाइनल में भारतीय स्टार पीवी सिंधु को हराकर उनका और करोड़ों भारतीयों के गोल्ड मेडल का सपना तोड़ने वाली स्पेन की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी कैरोलिना मारिन ने संन्यास ले लिया है।

दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए बताया कि वह अपने होमटाउन, हुएलवा में होने वाली यूरोपियन चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं लेंगी। इस टूर्नामेंट में उन्हें वाइल्ड कार्ड एंट्री मिली थी।

मारिन ने इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो में कहा, "आज मैं सीधे-सीधे बात करना चाहती हूं। प्रोफेशनल बैडमिंटन में मेरा सफर समाप्त हो गया है। इसलिए मैं हुएलवा की यूरोपियन चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं लूंगी।"

31 साल की मारिन ने कहा, "मैं चाहती थी कि हम आखिरी बार कोर्ट पर मिलें, लेकिन सिर्फ आखिरी बार कोर्ट पर दिखने के लिए मैं अपने शरीर को जोखिम में नहीं डालना चाहतीं। चोटों की वजह से संन्यास का फैसला लेना पड़ा है। मैं अपने फैसले पर कायम हूं।"

मारिन को बैडमिंटन के इतिहास की सबसे सफल महिला खिलाड़ियों में से एक माना जाता है। वह तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन और कई बार की यूरोपियन चैंपियन हैं। ओलंपिक में बैडमिंटन में गोल्ड जीतने वाली पहली स्पेनिश खिलाड़ी हैं।

अपने सफर पर मारिन ने कहा, "उनका आखिरी मैच अनजाने में पेरिस ओलंपिक 2024 में हुआ, जहां घुटने की चोट लगने के बाद वह सेमी-फाइनल से हट गई थीं। मैंने उसी समय रिटायरमेंट ले लिया था, बस तब हमें इस बात का पता नहीं था।"

मारिन ने कहा, "मुझे कभी गिरने न देने के लिए, मेरे साथ खड़े रहने के लिए, और सबसे मुश्किल पलों में मेरा साथ देने के लिए आप सबका शुक्रिया। आपके बिना शर्त प्यार के लिए धन्यवाद।"

विश्व चैंपियन ने कहा, "मैं अपने जुनून को अलविदा कह रही हूं, और मुझे इस बात पर बहुत गर्व है कि मैंने जो कुछ भी हासिल किया है, वह सिर्फ खिताबों के लिए नहीं, बल्कि खेल की दुनिया में दुनिया का सम्मान पाने के लिए किया है। अब मैं एक नए रास्ते पर चलूंगी, जहां मैं कोशिश करूंगी कि मुझे जो भी समर्थन मिला है, उसे मैं वापस लौटा सकूं और खेल के मूल्यों की रक्षा करती रहूं।

उन्होंने कहा, "मैं चाहती थी कि मेरा सफर हुएलवा में ही खत्म हो, और ऐसा ही होगा। मेरे हाथ में रैकेट नहीं होगा, बल्कि मैं उसी शहर में रहूंगी जहां मेरा जन्म हुआ था, ताकि कई सालों का यह सफर पूरा हो सके। अपने करियर में जो कुछ भी हासिल कर पाई हूं उसके लिए शुक्रगुजार हूं और जिंदगी के एक नए दौर के लिए तैयार हूं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 March 2026 7:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story