प्यार, दिल टूटना... इन्हीं एहसासों से किरदारों में जान डालता हूं विक्रांत मैसी
मुंबई, 23 जुलाई (आईएएनएस)। '12वीं फेल' जैसी फिल्मों से दर्शकों का दिल जीतने वाले अभिनेता विक्रांत मैसी अक्सर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'मुसाफिर कैफे' को लेकर सुर्खियों में हैं। आईएएनएस से खास बातचीत में उन्होंने अभिनय को लेकर अपनी सोच और निजी जिंदगी के अनुभवों पर खुलकर बात की है। अभिनेता ने कहा कि प्यार, दिल टूटने और जिंदगी के अलग-अलग अनुभव ही उनके किरदारों को वास्तविक बनाने में सबसे बड़ी ताकत हैं।
आईएएनएस से बात करते हुए विक्रांत मैसी ने कहा, ''अभिनय केवल लाइन्स बोलने या किसी किरदार की नकल करने का नाम नहीं है। किसी भी किरदार को जीवंत बनाने के लिए कलाकार को अपने भीतर के अनुभवों और भावनाओं का सहारा लेना पड़ता है। हर इंसान की तरह मैंने भी जीवन में कई अच्छे और बुरे दौर देखे हैं और वही अनुभव आज मेरे अभिनय की ताकत बन चुके हैं।''
विक्रांत ने कहा, ''मेरे जीवन में बहुत सारे अनुभव रहे हैं। मैंने भी प्यार में पड़ने का एहसास महसूस किया है; मेरे साथ भी दिल टूटने जैसी घटनाएं हुई हैं। कहीं न कहीं आपकी जिंदगी के अनुभव आपके अभिनय में दिखाई देते हैं। मैं प्रशिक्षित अभिनेता नहीं हूं, इसलिए अपने किरदारों में बहुत सी चीजें अपनी असल जिंदगी और निजी अनुभवों से लेता हूं।''
उन्होंने आगे कहा, ''कुछ यादें ऐसी होती हैं जो कभी भूली नहीं जाती। जब आप कोई किताब पढ़ते हैं, फिल्म देखते हैं या किसी स्क्रिप्ट पर काम करते हैं, तब जिंदगी के वही अनुभव अपने आप सामने आने लगते हैं। एक अभिनेता के तौर पर आप उन भावनाओं को अपने किरदार में शामिल करने की कोशिश करते हैं और यही अभिनय को ज्यादा वास्तविक बनाता है।''
बातचीत के दौरान विक्रांत मैसी ने अपने करियर के शुरुआती दिनों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने टेलीविजन से फिल्मों की ओर कदम बढ़ाया था, तब कई लोगों ने उन्हें गंभीरता से नहीं लिया। सिर्फ इसलिए कि उनकी पहचान टीवी अभिनेता के रूप में थी, उनकी काबिलियत पर सवाल उठाए गए।
उन्होंने कहा, "जब मैं टेलीविजन से फिल्मों में आया, तब कई लोग कहते थे, 'ये टीवी एक्टर है, क्या करेगा? इसे काम करना नहीं आता।' उस समय ऐसी बातें अक्सर सुनने को मिलती थीं। लेकिन मेरा मानना है कि आपकी काबिलियत, आपकी मेहनत और प्रतिभा आपकी पहचान बनाती है। आपका बैकग्राउंड आपकी सफलता या असफलता तय कर सकता है।"
विक्रांत मैसी अपनी आगामी फिल्म 'मुसाफिर कैफे' की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। यह 24 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 July 2026 12:10 PM IST












