राहुल गांधी के आवास के बाहर महिला का विरोध प्रदर्शन, बोली- टिकट के बदले पैसे मांगे, हमें बेवकूफ बनाया
नई दिल्ली, 7 अगस्त (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आवास के बाहर शुक्रवार को एक महिला ने अपने बच्चों के साथ विरोध प्रदर्शन किया। महिला का आरोप है कि विधानसभा चुनाव का टिकट दिलवाने के नाम पर उनसे पैसे लिए गए थे।
प्रदर्शन करने वाली महिला का नाम सुचित्रा देवी है। उन्होंने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से कहा, "मेरा नाम सुचित्रा देवी है और बावल विधानसभा टिकट को लेकर उन्होंने हमसे पैसे मांगे। उन्होंने टिकट के बदले पैसे मांगे और हमें बेवकूफ बनाया। हमने उन्हें पैसे दिए थे।"
सुचित्रा देवी ने आरोप लगाया कि पैसे कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी के करीबी सहयोगियों ने लिए।
उन्होंने कहा, "उन्होंने हमारा पैसा ले लिया और उम्मीद करते हैं कि हम चुपचाप चले जाएं? हमें सिर्फ अपना पैसा वापस चाहिए। हमने केसी वेणुगोपाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, लेकिन पिछले पांच महीने में पुलिस प्रशासन ने एक भी कदम नहीं उठाया। हम अपना पैसा वापस लेने के लिए अपने बच्चों के साथ यहां आए हैं। हमने विधानसभा चुनाव के टिकट के लिए 10 जनपथ पर पैसे दिए थे।"
सुचित्रा देवी ने कहा, "मैं यहां शांतिपूर्ण प्रोटेस्ट करने आई हूं, कोई दंगा फसाद करने नहीं आई हूं।"
विरोध के बाद दिल्ली पुलिस ने महिला और उसके बच्चों को मौके से हिरासत में ले लिया। अभी इस मामले में कांग्रेस पार्टी या संबंधित नेताओं की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
बता दें कि बावल विधानसभा सीट (निर्वाचन क्षेत्र संख्या 72) हरियाणा के रेवाड़ी जिले में स्थित एक प्रमुख अनुसूचित जाति (एससी) आरक्षित विधानसभा क्षेत्र है। यह क्षेत्र राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 48) के पास स्थित होने के कारण एक महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्र भी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Aug 2026 1:49 PM IST












