राहुल गांधी ने मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह के भाई से की बात, व्यक्त की संवेदना
नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की मौत के बाद उनके भाई से बात की। इस दौरान कांग्रेस सांसद ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। ये जानकारी कांग्रेस राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने मंगलवार को दी।
पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि आज दोपहर, विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मणिपुर के गिटारिस्ट सी. विक्रम सिंह के भाई से बात की। सी. विक्रम सिंह की कल दिल्ली में उनके घर के बाहर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। राहुल गांधी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने परिवार के साथ एकजुटता जाहिर की और उन्हें भरोसा दिलाया कि न्याय की उनकी मांग को अनसुना नहीं किया जाएगा।
इससे पहले राहुल गांधी ने मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की मौत पर शोक जताया था और मामले की तेजी से जांच कर न्याय की मांग की थी। संगीतकार की मौत उनके अपार्टमेंट के बाहर कुछ डिलीवरी वर्कर्स और ढाबा कर्मचारियों द्वारा किए गए हमले के बाद हुई थी।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मणिपुर के प्रसिद्ध संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह अपने घर के बाहर कुछ लोगों से शोर कम करने के लिए कहने नीचे गए थे। इसके लिए उन्हें पीट-पीटकर मार डाला गया।"
उन्होंने लिखा, "एक पिता, अपने ही देश की राजधानी में, अपने ही घर के बाहर मारा गया। ऐसी कई घटनाओं के बाद, आज दिल्ली में हर नॉर्थईस्ट परिवार एक ही सवाल पूछ रहा है—क्या हम यहां सुरक्षित हैं?"
राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "बढ़ती अराजकता, खासकर नॉर्थ-ईस्ट के लोगों के खिलाफ, को रोकने के लिए अमित शाह का गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस क्या कर रही है? इसकी तेजी से जांच होनी चाहिए और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए। चोंगथम विक्रम के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।"
अधिकारियों के अनुसार, 54 वर्षीय मणिपुरी संगीतकार की मौत सोमवार तड़के किलोकरी गांव में उनके अपार्टमेंट के बाहर हुई। आरोप है कि जब उन्होंने बाहर शोर मचाने और शराब पीने पर आपत्ति जताई तो डिलीवरी वर्कर्स और ढाबा स्टाफ के एक समूह ने उन पर हमला कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को भी पकड़ा है। सनलाइट कॉलोनी पुलिस स्टेशन को सी. विक्रम सिंह पर हुए हमले के बारे में पीसीआर कॉल मिली थी, जो मणिपुर के मूल निवासी थे और कई सालों से किलोकरी गांव में रह रहे थे।
शुरुआती जांच में पता चला कि चोंगथम विक्रम सिंह ने अपने घर के बाहर हंगामा कर रहे लोगों के एक समूह पर आपत्ति जताई थी। पुलिस के अनुसार, लोगों ने उन्हें घूंसे और थप्पड़ों से पीटा, जिससे उन्हें चोटें आईं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Sept 2026 11:07 PM IST












