'एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगे,' आईओए अध्यक्ष पीटी उषा को भरोसा
नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने एशियन गेम्स 2026 से पहले देश के खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार के मजबूत समर्थन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रोत्साहन से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है। मंगलवार को नई दिल्ली में टीम इंडिया को औपचारिक रूप से विदाई दी गई।
विदाई समारोह में पीटी उषा ने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है। अब हालात पहले जैसे नहीं रहे। सरकार खिलाड़ियों का पूरा समर्थन कर रही है और हमारे प्रधानमंत्री खुद खिलाड़ियों की मदद करने और प्रतियोगिता से पहले और बाद में उनका हौसला बढ़ाने में बहुत दिलचस्पी ले रहे हैं। भारतीय खिलाड़ी एशियन गेम्स में बहुत अच्छा प्रदर्शन करेंगे।"
एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच जापान के आइची-नागोया होगा। जापान के लिए रवाना होने से पहले आईओए की तरफ से आयोजित विदाई समारोह में खिलाड़ी, कोच, सपोर्ट स्टाफ, अधिकारी और पार्टनर शामिल हुए। इस कार्यक्रम में पीटी उषा के साथ केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया भी मौजूद थे।
ओलंपिक पदक विजेता स्वप्निल कुसाले, कॉमनवेल्थ गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट अस्मिता डे, कॉमनवेल्थ गेम्स की पदक विजेता और वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव और कबड्डी स्टार पवन सहरावत के साथ हुई पैनल चर्चा इस समारोह के मुख्य आकर्षणों में से एक थी।
भारत आइची-नागोया खेलों में 2023 एशियन गेम्स के अपने रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन को आगे बढ़ाने के इरादे से उतरेगा, जहां देश ने 107 पदक जीते थे। भारत ने साल 2023 में आयोजित एशियन गेम्स में रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन करते हुए कुल 107 मेडल हासिल किए थे। इनमें 28 गोल्ड, 38 सिल्वर और 41 ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे। इतिहास में पहली बार भारत ने एशियन गेम्स में 100 मेडल का आंकड़ा छुआ था। अब देश अपने पिछले प्रदर्शन को और बेहतरन करने के इरादे से उतरेगा।
महाद्वीप के इस बड़े खेल आयोजन में अब कुछ ही दिन शेष हैं। भारतीय ओलंपिक संघ समेत युवा मामले और खेल मंत्रालय ने भारतीय दल की तैयारियों का समर्थन किया है, क्योंकि खिलाड़ी जापान में भी पदक जीतने का सिलसिला जारी रखना चाहते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Sept 2026 11:07 PM IST












