राजस्थान में मुख्यमंत्री भी कार्यकर्ता की तरह कर रहे काम, जनता सरकार के काम से खुश रोहन गुप्ता

राजस्थान में मुख्यमंत्री भी कार्यकर्ता की तरह कर रहे काम, जनता सरकार के काम से खुश  रोहन गुप्ता
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री से लेकर सामान्य कार्यकर्ता तक सभी को जनता के बीच जाकर काम करना होता है। भाजपा की कार्यसंस्कृति में मुख्यमंत्री को किसी राजा की तरह विशेष सुविधा नहीं मिलती बल्कि वे भी पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में जनता के बीच जाते हैं।

जयपुर, 7 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री से लेकर सामान्य कार्यकर्ता तक सभी को जनता के बीच जाकर काम करना होता है। भाजपा की कार्यसंस्कृति में मुख्यमंत्री को किसी राजा की तरह विशेष सुविधा नहीं मिलती बल्कि वे भी पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में जनता के बीच जाते हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “कांग्रेस और भाजपा में यही फर्क है। भाजपा में हमारे मुख्यमंत्री भी पार्टी के कार्यकर्ता ही होते हैं। मुख्यमंत्री के साथ किसी राजा जैसा बर्ताव नहीं किया जाता।”

उन्होंने कहा कि चुनाव या जनता से जुड़े मुद्दों के समय मुख्यमंत्री और पार्टी के आम कार्यकर्ता दोनों को लोगों के बीच जाकर उनका सम्मान करना चाहिए, उनकी समस्याओं और उम्मीदों को समझना चाहिए तथा समाधान के लिए प्रयास करना चाहिए।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि कांग्रेस इसी सोच और जनता से दूरी के कारण सत्ता से बाहर हुई। उन्होंने सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री जनता के बीच नहीं जा सकते और क्या जनता के बीच जाना उनके लिए अपराध है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले ही हार मान ली है। उनके मुताबिक कांग्रेस के कार्यालय नहीं खुल रहे हैं और पार्टी की ओर से कोई प्रभावी प्रचार भी नहीं किया जा रहा है।

सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने के मामले पर रोहन गुप्ता ने कहा कि जिस निर्माण के आगे “अवैध” लिखा हो, उसके खिलाफ कार्रवाई पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, जो देश के लिए सही नहीं है।

उन्होंने विपक्ष पर धर्म के नाम पर राजनीति करने और लोगों को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोगों को धर्म की राजनीति से बचना चाहिए क्योंकि इससे किसी का फायदा नहीं होगा। उन्होंने जनता से ऐसे मामलों को समझदारी से देखने की अपील की।

रोहन गुप्ता ने कहा कि उन्होंने राजस्थान के कई जिलों का दौरा कर लोगों से बातचीत की है। आम लोग सरकार के कामकाज से संतुष्ट नजर आ रहे हैं। जनता का सरकार पर पूरा विश्वास है और लोगों को भरोसा है कि सरकार उनके साथ खड़ी है तथा उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा की “डबल इंजन” सरकार धरातल पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री के स्तर से लेकर प्रशासन तक जनता की समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया जा रहा है। गुप्ता ने दावा किया कि आने वाले समय में सरकार के कामकाज के और बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान जनता की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, जिसके कारण लोगों ने उसे हटाकर भाजपा की डबल इंजन सरकार को चुना।

-- आईएएनएस

एसएके/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Sept 2026 3:45 PM IST

Tags

Next Story