राजस्थान सीकर में 37 केंद्रों पर 5-6 अप्रैल को एसआई भर्ती परीक्षा, 24 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल
सीकर, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर की तरफ से एसआई प्रतियोगिता परीक्षा 2025 का आयोजन 5 व 6 अप्रैल को प्रदेश के साथ सीकर जिले में भी 37 परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक दिन दो पारियों में होगा। सीकर जिला प्रशासन की ओर से एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शनिवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं परीक्षा समन्वयक रतन कुमार स्वामी ने सीकर एसके कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
एडीएम एवं परीक्षा समन्वयक रतन कुमार स्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि एसआई प्रतियोगिता परीक्षा 2025 का आयोजन सीकर जिले के 37 परीक्षा केंद्रों पर 5 अप्रैल को दो पारियों में होगा। सीकर जिले में 24 परीक्षा केंद्र सरकारी संस्थाओं में और 13 निजी संस्थानों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों में सरकारी अध्यापकों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रथम पारी की परीक्षा प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक होगी और दूसरी पारी की परीक्षा अपराह्न शाम 5:00 बजे तक होगी। सीकर जिले में कुल 24 हजार अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। प्रत्येक पारी में 12 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा के दौरान निरीक्षण एवं जांच के लिए 7 उड़ान दस्ता दलों का गठन किया गया है। इसके साथ ही 16 उप समन्वयक भी लगाए गए हैं। इसके साथ ही निजी शिक्षण संस्थानों में दो ऑब्जर्वर लगाए गए हैं। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक केंद्र पर दो पुलिसकर्मी, जिसमें एक महिला और एक पुरुष, तैनात रहेंगे।
अभ्यर्थी की संख्या अधिक होने पर पुलिसकर्मी भी अधिक लगाए जाएंगे। इसके साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो-दो वीडियो ग्राफर भी नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने कहा की नकल की रोकथाम और अनुचित साधनों के प्रयोग की रोकथाम के लिए भी विशेष नजर रखी जाएगी।
उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने के 1 घंटे पहले ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच जाए ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 1 घंटे पहले तक ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा, इसके बाद किसी भी परिस्थिति में अभ्यर्थियों को परीक्षा के अंदर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी ड्रेस कोड वगैरह है और उसकी वह पालन करे और इसके साथ-साथ किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का प्रयोग वह न करे, क्योंकि इसमें राज्य सरकार काफी गंभीर है और इस संबंध में हमने कानून व्यवस्था की दृष्टिगत रखते हुए पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है और एसओजी भी विशेष नजर रख रही है।
एसडीएम एवं परीक्षा समन्वय रतन कुमार के निरीक्षण के दौरान परीक्षा से संबंधित कई अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 6:35 PM IST












