रजत बेदी ने विवेक वासवानी की आलोचना पर दी प्रतिक्रिया, बोले-आर्यन खान का शो पूरी तरह काल्पनिक
मुंबई, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता रजत बेदी ने प्रोड्यूसर विवेक वासवानी द्वारा आर्यन खान की नेटफ्लिक्स सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ की आलोचना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। विवेक वासवानी ने शो के एक सीन पर आपत्ति जताई थी, जिसमें एक डायरेक्टर एक महिला को लात मारकर जमीन पर गिरा देता है।
यह सीरीज बॉलीवुड की दुनिया को एक अलग नजरिए से दिखाती है। रजत बेदी के बयान से साफ है कि उन्होंने विवाद में पड़ने से बचते हुए शो को सिर्फ एक काल्पनिक कहानी बताया है।दर्शकों द्वारा शो को मिले प्यार को देखते हुए रजत बेदी का मानना है कि अंत में जनता का फैसला ही सबसे महत्वपूर्ण होता है।
आईएएनएस से खास बातचीत में रजत बेदी ने खुद को इस विवाद से दूर रखते हुए साफ कहा कि यह शो पूरी तरह से काल्पनिक है। उन्होंने कहा, “एक विवाद चल रहा है, कृपया मुझे इसमें न घसीटें। विवेक जी ने जो कहा है, वह उनकी अपनी राय है। यह सीन काल्पनिक है। यह काल्पनिक है, जिसे आर्यन ने दिखाया है। इसमें कोई सच्चाई नहीं है।”
रजत बेदी ने आगे कहा, “शो के इस सीन का असल जिंदगी से कोई संबंध नहीं है। आर्यन ने इसे एक सपने के तौर पर शूट किया है, जो काल्पनिक है, असली नहीं।”
विवेक वासवानी ने शो में बॉलीवुड के डार्क पहलू को दिखाने के तरीके पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि उन्होंने “बॉलीवुड में ऐसा कुछ कभी नहीं देखा” और इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है। उन्होंने कहानी कहने में संतुलन बनाए रखने की अपील भी की थी। खासतौर पर उस सीन पर उनकी आपत्ति थी जिसमें डायरेक्टर महिला को लात मारता दिखाया गया है।
रजत बेदी ने इस बहस पर अपनी राय देते हुए कहा कि आखिर में दर्शकों की प्रतिक्रिया ही सबसे ज्यादा मायने रखती है। उन्होंने कहा, “दर्शकों ने अपना फैसला सुना दिया है और उन्हें यह शो बहुत पसंद आया है। अब विवेक जी जो चाहें कह सकते हैं।”
‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ आर्यन खान के निर्देशन में पहला शो है। 18 सितंबर 2025 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई इस सीरीज के जरिए रजत बेदी ने लंबे समय बाद स्क्रीन पर वापसी की है। शो में रजत बेदी के साथ लक्ष्य लालवानी, सहर बाम्बा, साहिल मेहता, मोना सिंह और बॉबी देओल जैसे एक्टर्स अहम भूमिकाओं में हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 7:14 PM IST












