राकेश बेदी ने थियेटर में वीडियो बनाने वालों से की अपील, स्पॉइलर डालकर दूसरों का मजा न बिगाड़ें
मुंबई, 23 मार्च (आईएएनएस)। स्पाई एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस में ताबड़तोड़ कमाई के साथ नए रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है। दिन-ब-दिन फिल्म को लेकर दर्शकों में क्रेज बढ़ता ही जा रहा है। वहीं, कुछ सोशल मीडिया यूजर्स फिल्म के कुछ सीन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं। इस पर एक्टर राकेश बेदी ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर सभी से खास अपील की।
'धुरंधर: द रिवेंज' में नेता 'जमील जमाली' की भूमिका निभाने वाले राकेश बेदी ने लोगों से कहा कि सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़े वीडियो शेयर कर वे फिल्म देखने वालों का उत्साह खराब न करें।
वीडियो में वे कहते हैं, "मुझे इस फिल्म का हिस्सा बनकर बहुत गर्व हो रहा है। फिल्म ने न सिर्फ भारत में, बल्कि पूरी दुनिया में कमाई के नए कीर्तिमान बनाए हैं। यह सिर्फ पैसे की कमाई नहीं है, बल्कि लोगों के दिलों में गहरी छाप छोड़ रही है। दर्शकों की प्रतिक्रियाएं बहुत शानदार आ रही हैं और कलेक्शन अभूतपूर्व है।"
राकेश बेदी ने एक खास गुजारिश करते हुए कहा, "कृपया फिल्म देखते समय उसके सीन रिकॉर्ड करके या फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर न डालें। खास तौर पर क्लाइमैक्स (अंतिम हिस्सा) के बारे में कुछ न बताएं और न ही शेयर करें। ऐसा करने से दूसरों का मजा खराब होता है, क्योंकि ये स्पॉइलर बन जाते हैं। आपने फिल्म का आनंद ले लिया, अब दूसरों को भी पूरा मजा लेने दें।"
इसी के साथ ही, राकेश ने एक दिलचस्प किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने कहा, "हाल ही में मेरी मुलाकात क्रिकेट के महान खिलाड़ी सुनील गावस्कर से हुई। गावस्कर ने मुझसे कहा कि उन्हें फिल्म देखनी है, लेकिन टिकट का इंतजाम नहीं हो पा रहा है। क्या कुछ जुगाड़ हो सकता है?"
उन्होंने आगे कहा, "इसलिए, मैं उनके लिए कुछ टिकटों का इंतजाम करने की कोशिश कर रहा हूं। उम्मीद है कि मैं ऐसा कर पाऊंगा। खैर मैं एक बार फिर आप सभी से गुजारिश करता हूं कि कृपया फिल्म के दृश्यों को शूट करके सोशल मीडिया पर पोस्ट न करें। ऐसा करना बिल्कुल भी सही नहीं है। आपने तो फिल्म का आनंद ले लिया; अब दूसरों को भी इसका आनंद लेने दीजिए।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 March 2026 4:50 PM IST












