रामलला के अस्तित्व पर सवाल उठाने वालों को बोलने का अधिकार नहीं बृजेश पाठक
लखनऊ, 6 जुलाई (आईएएनएस)। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर विपक्ष लगातार भाजपा सरकार पर सवाल खड़े कर रहा है। इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करने वाले हैं। इस पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और कहा कि भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल खड़ा करने वाले लोग आज उन्हीं के नाम पर अपना राजनीतिक हित साधने की कोशिश कर रहे हैं।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा, "अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा की घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। लेकिन पूरा हिंदुस्तान जानता है, सनातन संस्कृति का एक-एक बच्चा जानता है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लोगों ने लगातार राम मंदिर का विरोध किया था। ये लोग कहते थे कि अयोध्या धाम में रामलला पैदा हुए थे या नहीं, यह भी स्पष्ट नहीं है। सर्वोच्च न्यायालय में हलफनामा देकर यह कहा गया था कि रामलला यहां पैदा हुए हैं, यह सुनिश्चित नहीं है।"
उन्होंने कहा, "ये वही लोग हैं जिन्होंने प्रभु रामलला के भक्तों पर, निहत्थे भक्तों पर गोलियां चलवाकर अयोध्या धाम को खून से रंगने का काम किया था। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लोगों को तो अयोध्या धाम पर चर्चा करने का भी अधिकार नहीं है। यही लोग थे जो प्रभु श्रीराम के मंदिर को लेकर निर्माण के समय भू-माफिया की बात करते थे। प्रभु श्रीराम को लेकर जिस प्रकार की टिप्पणियां इन्होंने की हैं, प्रभु श्रीराम इन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।"
उन्होंने आगे कहा कि वह एक वीडियो देख रहे थे समाजवादी पार्टी का, जिसमें कहा जा रहा था कि प्रभु रामलला अयोध्या धाम से चले गए। उन्होंने कहा कि यह वही बातें हैं जो वे शुरू से कहते रहे हैं। वे हमेशा प्रभु श्रीराम के खिलाफ अनर्गल टिप्पणियां करके सनातन संस्कृति को बदनाम करने की साजिश करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को उन लोगों से पूछना चाहिए कि बाबरी मस्जिद का जो चंदा एकत्र हुआ था, वह कहां गया? अखबारों में समय-समय पर जो खबरें आती हैं कि मदरसों के लिए जो फंडिंग हो रही है, वह कहां से आ रही है? वक्फ में जो घोटाले हो रहे हैं, उस पर ये लोग क्यों नहीं बोलते? समाजवादी पार्टी अपनी जुबान बंद रखती है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। सनातन संस्कृति को बदनाम करने की जो साजिश इन्होंने की है, उसे देश कभी स्वीकार नहीं करेगा और समय आने पर इसका जवाब मिलेगा। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन हमेशा मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करता रहा है, और इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा।
वहीं, मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये लोग वही हैं जिन्होंने हमेशा भगवान राम को बदनाम करने की कोशिश की है और राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लोग पहले राम अस्तित्व को लेकर भी विवादित बयान दे चुके हैं।
मंत्री ने कहा कि आज चढ़ावा चोरी की घटना को लेकर जो लोग हंगामा कर रहे हैं, वे केवल अवसर तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता इतनी भी भोली नहीं है कि वह इन बातों से प्रभावित हो जाए। उन्होंने आगे कहा कि जो घटना हुई है, उसकी जांच और सच्चाई सामने आनी चाहिए, लेकिन कुछ लोग इसे राजनीतिक अवसर के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसकी निंदा होनी चाहिए और इसका परिणाम भी उन्हें भुगतना पड़ेगा।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि जनता पहले भी ऐसे बयानों और प्रयासों का जवाब दे चुकी है और भविष्य में भी देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश की जनता इतनी भी अनजान नहीं है कि वह किसी भी प्रकार के भ्रम या गलत प्रचार में आ जाए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 July 2026 12:18 PM IST












