रांची एसएससी की ऑनलाइन परीक्षा में बड़ी धांधली, रिमोट एक्सेस से खुद-ब-खुद हल हो रहे थे सवाल, 6 गिरफ्तार
रांची, 10 मई (आईएएनएस) रांची में कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की जनरल ड्यूटी ऑनलाइन परीक्षा में धांधली का बड़ा मामला सामने आया है। रांची पुलिस ने पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ स्थित एक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र में छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी हेरफेर और रिमोट एक्सेस के जरिए परीक्षा में चीटिंग कराने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि पंडरा स्थित फ्यूचरिस्टिक ऑनलाइन एग्जामिनेशन सेंटर में परीक्षा के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की जा रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
जानकारी के मुताबिक, परीक्षा की पहली शिफ्ट के दौरान ड्यूटी पर तैनात इनविजीलेटर को कुछ अभ्यर्थियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उन्होंने देखा कि छह अभ्यर्थी लगातार कंप्यूटर स्क्रीन की ओर देख रहे थे, जबकि प्रश्नों के उत्तर स्वतः हल होते जा रहे थे। इस पर उन्हें तकनीकी गड़बड़ी या बाहरी हस्तक्षेप की आशंका हुई। इसके बाद मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम परीक्षा केंद्र पहुंची, जिससे वहां हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों की ओर से भी पुलिस को गड़बड़ी की शिकायत की गई थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंप्यूटर सिस्टम, नेटवर्क और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए छह लोगों को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों में कुछ अभ्यर्थियों के अलावा परीक्षा केंद्र से जुड़े संचालक अथवा तकनीकी कर्मचारी भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह के तार अन्य राज्यों या परीक्षा केंद्रों से भी जुड़े हैं या नहीं।
पुलिस ने परीक्षा केंद्र से कई कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। इन उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि परीक्षा में किस तकनीक का इस्तेमाल कर धांधली की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 May 2026 1:47 PM IST












