हॉकी इंडिया ने 31 सदस्यों वाली सीनियर महिला नेशनल कोचिंग कैंप की घोषणा की
नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। देश में हॉकी की स्थिति मजबूत होती रहे, इसके लिए हॉकी इंडिया लगातार प्रयास कर रहा है। इसी के तहत हॉकी इंडिया द्वारा सीनियर महिला नेशनल कोचिंग कैंप की घोषणा की गई है। कैंप 11 से 20 मई 2026 तक आयोजित होगा और इसमें 31 खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा।
भारतीय टीम को एफआईएच नेशंस कप में हिस्सा लेना है जिसका आयोजन 15 से 21 जून तक ऑकलैंड, न्यूजीलैंड में होना है। नेशंस कप से पहले टीम इंडिया एक्सपोजर टूर के लिए ऑस्ट्रेलिया जाएगी। इन दौरों को देखते हुए नेशनल कोचिंग कैंप की घोषणा की गई है।
10 दिनों के लिए आयोजित होने वाला नेशनल कोचिंग कैंप भारतीय महिला टीम के लिए बहुत जरूरी है। इससे टीम को अहम टूर्नामेंट और दौरों से पहले अपनी ताकत का अंदाजा लगाने का मौका मिलेगा। आगामी बड़े टूर्नामेंटों में 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाला एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2026 और 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 शामिल हैं।
एफआईएच नेशंस कप जीतने वाली टीम 2026–27 एफआईएच हॉकी प्रो लीग के लिए सीधे क्वालीफाई कर जाएगी। इसके अलावा, 2026–27 एफआईएच हॉकी प्रो लीग जीतने वाली टीम लॉस एंजिल्स में 2028 में होने वाली ओलंपिक में सीधे जगह बना लेगी।
इस कैंप में उन्हीं 31 खिलाड़ियों को जगह दी गई जो अप्रैल में चीफ कोच शोर्ड मारिन की देखरेख में हुए नेशनल कैंप का हिस्सा थे। टीम को मजबूत, संतुलित और फिटनेस के स्तर पर बेहतर बनाने के लिए यह कैंप अहम है।
कैंप में हर पोजीशन पर खेलने वाले खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। गोलकीपिंग में सविता, माधुरी किंडो, बंसरी सोलंकी और हॉकी इंडिया 8वें सालाना अवॉर्ड्स 2025 में हॉकी इंडिया बलजीत सिंह अवॉर्ड पाने वाली बीचू देवी खारीबाम शामिल होंगी। डिफेंस में निक्की प्रधान, उदिता, इशिका चौधरी, ज्योति सिंह, लालथंतलुआंगी, ज्योति और शिल्पी डबास को शामिल किया गया है।
कप्तान सलीमा टेटे, सुशीला चानू, मनीषा चौहान, वैष्णवी फाल्के, नेहा, साक्षी राणा, सुनीता टोप्पो और इशिका के साथ मिडफील्ड में रहेंगी। फॉरवर्ड नवनीत कौर, दीपिका, लालरेमसियामी, मुमताज खान, दीपिका सोरेंग, रुतजा दादासो पिसल, बलजीत कौर, अन्नू, ब्यूटी डुंगडुंग, हिना बानो, सोनम और संगीता कुमारी कैंप में शामिल हैं।
मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने कहा, "ऑस्ट्रेलिया टूर से पहले यह एक छोटा कैंप होगा। कैंप का मुख्य लक्ष्य खेल के फिटनेस पहलुओं और उन क्षेत्रों में सुधार पर होगा जिसमें हम लगातार अच्छा करना चाहते हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 May 2026 2:11 PM IST












