हंता वायरस संकट एमवी होंडियस क्रूज जहाज पहुंचा स्पेन के टेनेरिफ द्वीप
मैड्रिड, 10 मई (आईएएनएस)। हंता वायरस प्रकोप के कारण चर्चा में आया एमवी होंडियस क्रूज जहाज रविवार को पोर्ट ऑफ ग्रैनाडिला पहुंचा। इसमें 140 से ज्यादा लोग सवार हैं।
स्पेन की स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया ने बताया कि मेडिकल टीमों ने जहाज पर सवार यात्रियों और चालक दल सदस्यों की जांच की, इसके बाद यात्रियों को एक-एक कर सावधानी से उतारने का अभियान चलाया गया।
मोनिका गार्सिया ने द्वीप पर पहुंचकर कहा, "14 स्पेनिश यात्रियों को सबसे पहले जहाज से उतारा जाएगा। उन्हें एफपीपीपी2 मास्क पहना कर ले जाया जाएगा। वहीं, बस ट्रांसफर और लॉजिस्टिक्स से जुड़े सभी लोगों के लिए भी मास्क पहनना अनिवार्य किया गया।"
एमवी होंडियस रविवार सुबह स्पेन के टेनेरिफ द्वीप पहुंचा था। यात्रियों को पोर्ट ऑफ ग्रेनाडिला पर खड़े क्रूज शिप से छोटी नावों में द्वीप तक ले जाते देखा गया।
स्पेन के स्वास्थ्य विभाग ने सोशल प्लेटफॉर्म पर जो वीडियो शेयर किया उसमें देखा जा सकता है कि जब एमवी होंडियस ने टेनेरिफ के बंदरगाह पर लंगर डाला तो सायरन बजाती छोटी नौकाएं जहाज के पास पहुंचीं। जहाज की पर्दों से ढकी खिड़कियों पर लोगों की परछाइयां दिखाई दीं, जबकि नीचे एक टगबोट जहाज के करीब पहुंच रही थी। खुले दरवाजे पर मास्क पहने एक व्यक्ति खड़ा नजर आया। डॉक के किनारे हाजमैट सूट पहने कर्मी और विश्व स्वास्थ्य संगठन की वर्दी में अधिकारी इंतजार करते दिखाई दिए।
पिछले महीने अर्जेंटीना से रवाना हुए इस जहाज पर तीन लोगों की कथित तौर पर हंता वायरस संक्रमण से मौत हो गई थी। यह एक दुर्लभ बीमारी है, जो आमतौर पर संक्रमित चूहों के मूत्र या मल के संपर्क में आने से फैलती है। कुछ लोगों को इलाज के लिए पहले ही जहाज से बाहर निकाला जा चुका था। यात्रियों को उनकी राष्ट्रीयता के आधार पर अधिकतम 10 लोगों की क्षमता वाली छोटी नौकाओं के जरिए किनारे लाया गया।
इस बीच, अमेरिका, जर्मनी, बेल्जियम, आयरलैंड और नीदरलैंड समेत कई देशों ने अपने नागरिकों को निकालने के लिए विमान भेजे। कंपनी ने आधिकारिक बयान में कहा कि यात्रियों को उतारने की प्रक्रिया उड़ानों के समयानुसार तय की जाएगी, उनका सामान फिलहाल जहाज पर ही रहेगा और बाद में लौटाया जाएगा।
डब्ल्यूएचओ के महासचिव टेड्रोस एडनॉम घ्रेबेयसेस भी शनिवार को कैनरी आइलैंड पहुंच गए थे। उन्होंने स्पेन की सरकार और टेनेरिफ का आभार भी जताया था। उन्होंने ये भी कहा कि इससे घबराने की जरूरत नहीं है; ये कोविड जितना भयावह नहीं है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, हंता वायरस प्रकोप की पहली सूचना 2 मई को दी गई थी। संगठन ने कहा है कि फिलहाल यह संक्रमण आम जनता के लिए कम जोखिम वाला माना जा रहा है। डब्ल्यूएचओ के दिशा निर्देश के मुताबिक जहाज से उतरे यात्री 42 दिन के लिए क्वारंटीन रहेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 May 2026 3:42 PM IST












