राष्ट्रपति भवन में वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम के सम्मान में भोज, दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने पर जोर
नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति भवन में वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम के सम्मान में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शामिल हुए। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारत-वियतनाम संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया।
राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक सोशल मीडिया 'एक्स' पोस्ट के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम का स्वागत किया और उनके सम्मान में एक भोज का आयोजन किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भारत-वियतनाम संबंधों को 'विस्तारित व्यापक रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक ले जाने से न केवल हमारे द्विपक्षीय सहयोग को गति मिलेगी, बल्कि यह इस क्षेत्र में शांति और समृद्धि में भी योगदान देगा।
इससे पहले दोनों देशों ने स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, साथ ही दोनों देशों के बीच यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान जैसी तकनीकों को जोड़ने के महत्व पर भी जोर दिया।
राष्ट्रीय राजधानी में संयुक्त प्रेस वार्ता के बाद जारी बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम ने भारतीय दवा उद्योग की प्रगति को सराहा।
दोनों देशों ने इस बात पर सहमति जताई कि 2027 से वियतनाम के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के लिए दवाओं की खरीद में भारतीय कंपनियों की संभावित भागीदारी के रास्ते तलाशे जाएंगे।
तकनीक के बढ़ते महत्व को देखते हुए दोनों पक्षों ने स्वास्थ्य क्षेत्र के डिजिटल परिवर्तन में सहयोग बढ़ाने, खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
दोनों देशों में पारंपरिक चिकित्सा की समृद्ध विरासत को ध्यान में रखते हुए नेताओं ने ज्ञान, शोध और सर्वोत्तम तरीकों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने और संस्थागत सहयोग को मजबूत करने पर सहमति जताई।
उन्होंने पारंपरिक चिकित्सा पर समझौता ज्ञापन (एमओयू) को अंतिम रूप देने की दिशा में प्रगति का स्वागत किया और वियतनाम में आयुर्वेद के लिए अकादमिक चेयर स्थापित करने के प्रस्ताव को भी सराहा।
नेताओं ने डिजिटल तकनीकों के महत्व को दोहराते हुए भारतीय रिजर्व बैंक और स्टेट बैंक ऑफ वियतनाम के बीच वित्तीय नवाचार और डिजिटल भुगतान पर हुए समझौते का स्वागत किया।
दोनों देशों ने क्यूआर कोड के माध्यम से खुदरा भुगतान प्लेटफॉर्म को जोड़ने पर सहमति जताई, जिससे पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
आधिकारिक बयान के अनुसार, दोनों पक्षों ने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, 6जी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष और परमाणु तकनीक, समुद्री विज्ञान, बायोटेक्नोलॉजी, फार्मास्यूटिकल्स, उन्नत सामग्री और महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 May 2026 11:25 PM IST












