राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तरी मैसेडोनिया की समकक्ष संग की अहम वार्ता, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर सहमति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तरी मैसेडोनिया की समकक्ष संग की अहम वार्ता, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर सहमति
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तरी मैसेडोनिया की राष्ट्रपति गोर्दाना सिलियानोव्स्का-दावकोवा के साथ राजधानी स्कोप्जे स्थित विला वोड्नो में व्यापक द्विपक्षीय चर्चा की।

स्कोप्जे, 21 जुलाई (आईएएनएस)। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तरी मैसेडोनिया की राष्ट्रपति गोर्दाना सिलियानोव्स्का-दावकोवा के साथ राजधानी स्कोप्जे स्थित विला वोड्नो में व्यापक द्विपक्षीय चर्चा की।

भारत के विदेश मंत्रालय ने एक्स प्लेटफॉर्म पर इसकी जानकारी दी। बताया कि दोनों ने भारत और उत्तरी मैसेडोनिया के बीच संबंधों को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने के अवसरों पर विचार-विमर्श किया।

राष्ट्रपति मुर्मु की यह मुलाकात भारत और उत्तरी मैसेडोनिया के बीच राजनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने के प्रयासों का हिस्सा है। दोनों देशों ने आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई।

राष्ट्रपति मुर्मु तीन देशों के दौरे के दूसरे चरण में मोल्दोवा का दौरा सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद भारतीय समयानुसार मंगलवार को उत्तरी मैसेडोनिया पहुंची। वहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

राष्ट्रपति सचिवालय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि स्कोप्जे एयरपोर्ट पर पहुंचने पर, राष्ट्रपति मुर्मु का स्वागत नॉर्थ मैसेडोनिया के विदेश मामले और विदेशी व्यापार मंत्री टिमचो मुकुंस्की ने किया।

भारत के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर जानकारी दी, "यह किसी भारतीय राष्ट्रपति का उत्तरी मैसेडोनिया का पहला दौरा है, जो दोनों देशों के संबंधों में बढ़ती गर्मजोशी को दिखाता है। इस दौरे से भारत-उत्तरी मैसेडोनिया के संबंध और गहरे होंगे और अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।"

राष्ट्रपति गोरडाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा के निमंत्रण पर राष्ट्रपति मुर्मु 22 जुलाई तक उत्तरी मैसेडोनिया में रहेंगी। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के अलावा उनका असेंबली के अध्यक्ष से मिलने, असेंबली को संबोधित करने और भारत-नॉर्थ मैसेडोनिया बिजनेस फोरम में भाषण देने का भी शेड्यूल है।

दोनों देशों के बीच कृषि, फार्मास्यूटिकल्स, विज्ञान और तकनीक, सूचना तकनीक और आईटी-इनेबल्ड सेवाओं में ज्यादा सहयोग की उम्मीद है।

दौरे के आखिरी हिस्से में राष्ट्रपति निकुसोर डैन के निमंत्रण पर राष्ट्रपति मुर्मु 23 से 25 जुलाई तक रोमानिया जाएंगी। यह तीन दशक से ज्यादा समय में किसी भारतीय राष्ट्रपति का रोमानिया का पहला दौरा होगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 July 2026 4:41 PM IST

Tags

Next Story