राष्ट्रीय संविधान दिवस हाथ से लिखा गया था भारत का संविधान, रायजादा ने बिना फीस के किया था तैयार

राष्ट्रीय संविधान दिवस हाथ से लिखा गया था भारत का संविधान, रायजादा ने बिना फीस के किया था तैयार
हमारा संविधान लाखों-करोड़ों हिंदुस्तानियों का वो सपना है, जिसे उन्होंने मुद्दतों तक अंग्रेजों के खिलाफ जंग लड़कर हकीकत में बदला। यह वो सपना है, जो स्वावलंबन और स्वदेश की तरफ देश को ले जाने की बात करता है। अगर मानव रचित किसी दस्तावेज को सचमुच अमर कहा जा सकता है, तो वह भारत का संविधान है।

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। हमारा संविधान लाखों-करोड़ों हिंदुस्तानियों का वो सपना है, जिसे उन्होंने मुद्दतों तक अंग्रेजों के खिलाफ जंग लड़कर हकीकत में बदला। यह वो सपना है, जो स्वावलंबन और स्वदेश की तरफ देश को ले जाने की बात करता है। अगर मानव रचित किसी दस्तावेज को सचमुच अमर कहा जा सकता है, तो वह भारत का संविधान है।

जब देश की आबादी मुश्किल से 36 करोड़ थी, संसाधन सीमित थे और चुनौतियां अनंत, फिर भी संविधान सभा ने अपने अथक परिश्रम से 26 नवंबर 1949 को जो अमर दस्तावेज राष्ट्र को सौंपा, उसने हर भारतवासी के सपनों, संघर्षों और आकांक्षाओं को शब्दों में पिरोया। साल 2015 से यह तारीख 'राष्ट्रीय संविधान दिवस' के रूप में मनाई जा रही है, जो अब जन-जन का उत्सव बन चुकी है।

हमारा मूल संविधान हस्तलिखित है यानी हाथ से लिखा गया, जिसमें इसके प्रारंभ के समय 395 अनुच्छेद, 22 भाग और 8 अनुसूचियां थीं। भारत का संविधान टाइपसेट या मुद्रित नहीं किया गया था बल्कि अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में हस्तलिखित और सुलेख शैली में तैयार किया गया था। इसमें 90,000 शब्द थे।

इसे पूरी तरह से शांतिनिकेतन के कलाकारों ने आचार्य नंदलाल बोस के मार्गदर्शन में हस्तनिर्मित किया था जबकि सुलेख के पाठ दिल्ली में प्रेम बिहारी नारायण रायजादा की ओर से किए गए थे। यह किसी भी देश का सबसे लंबा हस्तलिखित संविधान है और इसे प्रेम बिहारी नारायण रायजादा ने इटालिक शैली में लिखा था। रायजादा को पूरे संविधान को लिखने में लंबा समय लगा और उन्होंने इसे बगैर किसी गलती के पूरा किया था।

उनका यह किस्सा भी दिलचस्प है कि रायजादा ने संविधान लिखने के लिए फीस के तौर पर एक भी पैसा नहीं लिया था। जब रायजादा को संविधान लिखने के लिए चुना गया तो उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू से साफ-साफ कहा था कि वे संविधान लिखने के लिए फीस के तौर पर एक भी पैसा नहीं लेंगे। हालांकि, उनकी एक शर्त थी कि संविधान के हर पेज पर उनका नाम लिखा होगा। रायजादा की ये शर्त मान ली गई। संविधान को लिखने के काम में रायजादा ने 250 से अधिक पेन होल्डरों के निब का इस्तेमाल किया था।

संविधान लिखने के लिए सरकार ने रायजादा को कॉन्स्टिट्यूशन हाउस में एक कमरा (रूम नंबर 204) दिया गया था। शुरुआत में सबको यह उम्मीद थी कि शायद संविधान को लिखने का कार्य दो महीने में पूरा हो जाए लेकिन यह लंबा काम था क्योंकि एक-एक को होल्डर और निब से लिखना था।

1950 में संविधान के लागू होने से वर्षों पहले 1861 का एक अधिनियम भारतीयों के लिए अहम था। यह भारतीय परिषद अधिनियम-1861 था, जिसने भारतीयों को कानून बनाने की प्रक्रिया में शामिल करके प्रतिनिधि संस्थाओं की शुरुआत की। भारतीय स्वतंत्रता अधिनियम-1947 ने ब्रिटिश शासन को समाप्त किया और भारत को एक संप्रभु राष्ट्र घोषित किया। इसके बाद 26 नवंबर, 1949 को भारत का संविधान अपनाया गया।

आजादी के समय भारत एक विशाल और विविध राष्ट्र था। देश को एकजुट रखने और आगे ले जाने के लिए, एक ऐसा संविधान तैयार करना जरूरी था जो विस्तृत हो, जिसे बहुत सोच-समझकर बनाया गया हो और जिसे अत्यंत सावधानी से तैयार किया गया हो। संविधान सभा का गठन 6 दिसंबर 1946 को हुआ था। संविधान का मसौदा संविधान सभा की ओर से तैयार किया गया था, जिसकी पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई थी।

संविधान सभा का गठन मोटे तौर पर ब्रिटिश कैबिनेट की एक समिति की ओर से प्रस्तावित योजना के आधार पर किया गया था, जिसे 'कैबिनेट मिशन' के नाम से जाना जाता है। 1946 में 'उद्देश्य प्रस्ताव' पेश किया गया, जिसमें सभा के लक्ष्यों को स्पष्ट किया गया था। संविधान सभा के सदस्यों का चुनाव प्रांतीय विधानसभाओं के सदस्यों की ओर से अप्रत्यक्ष रूप से किया गया था। ये प्रांतीय विधानसभाएं 'भारत सरकार अधिनियम, 1935' के तहत स्थापित की गई थीं। इस व्यवस्था में सभी धर्मों के लोगों को प्रतिनिधित्व दिया गया था। इसके अलावा, सभा में अनुसूचित जातियों के 28 सदस्य भी शामिल थे।

भारत का संविधान दिसंबर 1946 से नवंबर 1949 के बीच तैयार किया गया। इस दौरान, संविधान सभा में इसके मसौदों के हर एक हिस्से (खंड) पर विस्तार से चर्चा की गई। कुल मिलाकर, संविधान सभा के 11 सत्र हुए, जिनमें 165 दिनों तक बैठकें चलीं। सत्रों के बीच, विभिन्न समितियों और उप-समितियों की ओर से मसौदों में सुधार और संशोधन करने का काम किया गया।

संविधान सभा ने कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका जैसी विभिन्न संस्थाओं के बीच सही संतुलन बनाने में काफी समय लगाया। इसके परिणामस्वरूप संसदीय प्रणाली और संघीय व्यवस्था को अपनाया गया, जिससे सरकारी शक्तियों का बंटवारा हुआ, जो एक तरफ विधायिका और कार्यपालिका के बीच और दूसरी तरफ राज्यों व केंद्र सरकार के बीच थीं।

संविधान सभा में अलग-अलग विषयों पर आठ प्रमुख समितियां थीं। हर समिति आमतौर पर संविधान के कुछ विशेष प्रावधानों का मसौदा तैयार करती थी, जिन पर बाद में पूरी सभा में चर्चा होती थी। संविधान सभा की सभी समितियों में सबसे महत्वपूर्ण 'प्रारूप समिति' थी, जिसके अध्यक्ष भीमराव अंबेडकर थे। इसका गठन 29 अगस्त 1947 को किया गया था।

भीमराव अंबेडकर ने 4 नवंबर 1948 को संविधान का अंतिम मसौदा सभा के सामने रखा। इस पर सभा में पांच दिनों तक (9 नवंबर, 1948 तक) आम चर्चा हुई। 'द्वितीय वाचन' 15 नवंबर, 1948 को शुरू हुआ और 17 अक्टूबर, 1949 को समाप्त हुआ। इस चरण के दौरान कुल 7653 संशोधन प्रस्तावित किए गए, जिनमें से 2473 संशोधनों पर सभा में वास्तव में चर्चा हुई। मसौदे का 'तृतीय वाचन' 14 नवंबर, 1949 को शुरू हुआ।

अंबेडकर ने एक प्रस्ताव रखा, "सभा की ओर से तय संविधान को पारित किया जाए।" 26 नवंबर, 1949 को संविधान के मसौदे पर रखे गए इस प्रस्ताव को पारित घोषित कर दिया गया और इस पर सदस्यों व राष्ट्रपति के हस्ताक्षर हुए। संविधान 26 जनवरी, 1950 को लागू हुआ।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story