रीवा न्यूज: कबड्डी के मैदान में भिड़ेंगी प्रदेश की 12 संभागीय टीमें,

डिजिटल डेस्क रीवा।
विंध्य की धरती पर अब महिला कबड्डी का रोमांच देखने को मिलेगा। प्रदेश के 12 संभागों की टीमें खिताबी मुकाबले के लिए रीवा में जुटी हैं। पीएम श्री शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय में बुधवार को राज्य स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। सत्र 2026-27 के इस आयोजन में प्रदेशभर की खिलाड़ी अपनी ताकत, फुर्ती, रणनीति और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ उच्च शिक्षा विभाग के रीवा एवं शहडोल संभाग के अतिरिक्त संचालक प्रो. महेंद्रमणि द्विवेदी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रवींद्रनाथ तिवारी ने की। उच्च शिक्षा विभाग के ओएसडी डॉ. भारतेंदु मिश्र विशिष्ट अतिथि रहे। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रवींद्रनाथ तिवारी ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि अनुशासन, धैर्य और सामूहिक प्रयास का पाठ भी पढ़ाते हैं। जीवन में सफलता हासिल करने के लिए इन गुणों को अपनाना जरूरी है। मुख्य अतिथि प्रो. महेंद्रमणि द्विवेदी ने कहा कि विंध्य की धरती का खेलों से पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने आयोजन समिति को खिलाड़ियों के ठहरने और अन्य जरूरी सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि खिलाड़ी बिना किसी परेशानी के मुकाबलों पर ध्यान केंद्रित कर सकें और रीवा से अच्छी यादें लेकर लौटें।
जिला कबड्डी संघ की सहभागिता
प्रतियोगिता के आयोजन में जिला कबड्डी संघ सहयोग कर रहा है। उद्घाटन अवसर पर अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के संचालक डॉ. रामभूषण मिश्रा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान डॉ. भरत विश्वकर्मा, डॉ. नारायण सिंह, अजय मिश्रा एवं मोहनलाल शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राहुल शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. हबीब खान ने किया। आयोजन में डॉ. विजय सिंह, दिलीप सिंह, डॉ. संतोष अग्निहोत्री, डॉ. विवेक वर्मा, डॉ. रवींद्र सिंह, डॉ. ऋषि तिवारी, डॉ. सुनीता सिंह, डॉ. पुष्पेंद्र पांडे, डॉ. शिल्पा शर्मा, डॉ. जितेंद्र पांडे मिश्रा, डॉ. शाहबाज खान, डॉ. रविकांत चौधरी, डॉ. इंद्रपाल सिंह, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. राजेश भारती, डॉ. अमीर, डॉ. सहवाग, डॉ. उपेंद्र पांडे, डॉ. वेणु माधव पांडे एवं डॉ. अभिषेक सोनी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
Created On :  
