रथ यात्रा 2026 पुरी में सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम, सजावट का कार्य अंतिम चरण में
पुरी, 13 जुलाई (आईएएनएस)। विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 को लेकर पुरी में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रशासन, पुलिस और फायर सर्विस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
तीनों रथों को पारंपरिक शैली में सजाने का कार्य तेज़ी से चल रहा है। रथों पर आकर्षक सजावटी कपड़े और बारीकी से तैयार किए गए पीतल के आभूषण लगाए जा रहे हैं, जिससे उनकी भव्यता और अधिक निखर रही है।
रथों की सजावट में लगे पारंपरिक पीतल कारीगर एवं सेवक सागर साहू कंसारी ने बताया कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के लिए तैयार किया जाने वाला सजावटी कपड़ा किसी दुल्हन के परिधान की तरह होता है। जब रथ पूरी तरह तैयार होने के बाद इन कपड़ों और पीतल के आभूषणों से सजाए जाते हैं, तो उनकी सुंदरता और भव्यता देखते ही बनती है।
उन्होंने बताया कि यह पारंपरिक कला उन्हें अपने पिता से विरासत में मिली है और अब वह इसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। रथ यात्रा के लिए हर वर्ष उन्हें विशेष ऑर्डर मिलता है, जिसके अनुसार वे पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ सजावटी सामग्री तैयार करते हैं।
पुरी के कलेक्टर दिव्य ज्योति परिडा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि रथ यात्रा 2026 के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। इस वर्ष करीब 200 अतिरिक्त एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेटों की तैनाती विभिन्न स्थानों पर की गई है, ताकि भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभाला जा सके। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी की व्यवस्था को पहले की तुलना में काफी बढ़ाया गया है। सभी प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थलों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कलेक्टर ने बताया कि इस बार विभिन्न स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं, जिनके माध्यम से श्रद्धालु दूर से ही रथ यात्रा और उससे जुड़े सभी धार्मिक कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए अस्थायी अस्पतालों की भी स्थापना की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आपदा से निपटने के लिए भी विशेष योजनाएं तैयार की हैं।
विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से पुरी पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन सुरक्षा, सुविधाओं और परंपराओं के संतुलन के साथ इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में जुटा हुआ है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 July 2026 12:19 PM IST












