महिला टेस्ट मैच ऐतिहासिक दिन से पहले सचिन तेंदुलकर ने भारतीय टीम में जोश भरा
लंदन, 13 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में जारी ऐतिहासिक टेस्ट मैच के चौथे दिन की शुरुआत से पहले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को संबोधित किया। चौथे दिन भारतीय टीम जीत से सिर्फ 4 विकेट दूर है।
सुबह के सेशन से पहले तेंदुलकर ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम और सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों का हौसला बढ़ाया। यह पल इसलिए भी खास था, क्योंकि भारतीय टीम इंग्लैंड की धरती पर एक यादगार टेस्ट जीत के करीब थी।
इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज निक नाइट ने सुबह का सत्र शुरू होने से पहले ऑन-एयर कहा, "वाह, अगर आप भारतीय खिलाड़ी या भारतीय फैंस हैं तो यह दिन और भी बेहतर होता जा रहा है। महान सचिन तेंदुलकर बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक यहां आ गए और उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों से बातचीत करने का फैसला किया। मेरा मतलब है, इससे कितना बड़ा प्रोत्साहन मिलता है। वे निश्चित रूप से सुबह के सत्र में यह ऐतिहासिक टेस्ट मैच जीतने वाले हैं और सचिन ने कुछ अद्भुत बातें कहीं। उन्हें यहां देखना बहुत अच्छा लग रहा है। उन्हें महिला क्रिकेट में भी शामिल होते देखना बहुत अच्छा लग रहा है। उन सभी खिलाड़ियों के लिए यह कितना शानदार पल है।"
लॉर्ड्स का मैदान टेस्ट इतिहास में पहली बार महिला टेस्ट क्रिकेट की मेजबानी कर रहा है। इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारतीय टीम को 'होम ऑफ क्रिकेट' में एक बड़ी जीत हासिल करने के लिए महज 4 विकेट की दरकार है।
भारत ने अपनी शुरुआती पारी में 285 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी सिर्फ 170 रन पर सिमट गई। भारतीय टीम के पास 115 रन की बढ़त थी, जिसके बाद मेहमान टीम ने अपनी दूसरी पारी 147/7 के स्कोर पर घोषित करने के साथ इंग्लैंड को जीत के लिए 457 रन का टारगेट दिया। इसके जवाब में इंग्लिश टीम तीसरे दिन की समाप्ति तक 6 विकेट खोकर सिर्फ 130 रन ही बना सकी।
इस मैच में यास्तिका भाटिया ने 14 चौकों के साथ 113 रन जड़े, जिसके साथ वह लॉर्ड्स में टेस्ट शतक लगाने वाली पहली महिला बन गईं। वहीं, भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने इंग्लैंड की पहली पारी में 5 विकेट हासिल किए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 July 2026 4:22 PM IST












