आरबीआई ग्रेड-बी भर्ती 2026 रिजर्व बैंक में ऑफिसर बनने का मौका, 29 अप्रैल से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय रिजर्व बैंक में नौकरी पाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया सर्विसेज बोर्ड (आरबीआईएसबी) ने ऑफिसर ग्रेड-बी भर्ती 2026 के लिए शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती में कुल 60 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी और आवेदन प्रक्रिया 29 अप्रैल 2026 से शुरू होगी।
जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, इस भर्ती में तीन अलग-अलग स्ट्रीम शामिल की गई हैं। इनमें आर्थिक एवं नीति अनुसंधान विभा (डीईपीआर) और सांख्यिकी एवं सूचना प्रबंधन सेवा (डीएसआईएम) पद शामिल हैं। जनरल स्ट्रीम में सबसे ज्यादा 40 पद रखे गए हैं, जबकि डीईपीआर और डीएसआईएम दोनों में 10-10 पद तय किए गए हैं।
आरबीआई की ओर से भर्ती की विस्तृत अधिसूचना 29 अप्रैल को जारी की जाएगी। उसी दिन से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू होगी। उम्मीदवार आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तारीख 20 मई शाम 6 बजे तक तय की गई है।
योग्यता की बात करें तो जनरल स्ट्रीम के लिए किसी भी विषय में ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। डीईपीआर स्ट्रीम के लिए अर्थशास्त्र या इकोनोमेट्रिक्स में पोस्ट ग्रेजुएशन जरूरी है, जबकि डीएसआईएम के लिए सांख्यिकी या गणित में पोस्ट ग्रेजुएशन अनिवार्य है।
इसके अलावा आरबीआई के नियमों के अनुसार आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तें भी लागू होंगी, जिनका पूरा विवरण विस्तृत नोटिफिकेशन में दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 600 रुपए शुल्क देना होगा, जिसमें आवेदन और सूचना शुल्क दोनों शामिल हैं। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क केवल 100 रुपए रखा गया है। आरबीआई स्टाफ के लिए आवेदन निशुल्क होगा।
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा होगी, इसके बाद मेन्स परीक्षा और फिर इंटरव्यू लिया जाएगा। तीनों चरणों में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। उम्मीदवारों को आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद आवेदन फॉर्म, दस्तावेज अपलोड और फीस जमा करना होगा। आवेदन जमा करने के बाद उसका प्रिंट आउट लेना जरूरी होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 April 2026 3:17 PM IST












