‘रिकॉर्ड संख्या में भक्तों ने कराया पंजीकरण,' श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर बोले सीएम धामी
केदारनाथ, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर बुधवार को श्री केदारनाथ धाम के कपाट पूरे विधि-विधान के साथ सभी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। सुबह 8 बजे शुभ मुहूर्त में कपाट खुलते ही पूरा धाम हर-हर महादेव और जय श्री केदार के उद्घोष से गूंज उठा। सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुन के बीच कपाट उद्घाटन का यह दिव्य क्षण और भी अलौकिक बन गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उपस्थित रहे।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस पावन क्षण में संकल्प लेकर प्रधानमंत्री मोदी के नाम से बाबा केदार की प्रथम पूजा-अर्चना की तथा विधि-विधान से अभिषेक कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं राष्ट्र की निरंतर प्रगति की कामना की। उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर प्रदेश एवं देश की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने समस्त देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री केदारनाथ धाम न केवल सनातन धर्मावलंबियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यह भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और इस वर्ष भी बाबा केदार के आशीर्वाद से यात्रा ऐतिहासिक होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बाबा केदारनाथ का अनन्य भक्त बताते हुए कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद उनके मार्गदर्शन में श्री केदारनाथ धाम का भव्य एवं दिव्य पुनर्निर्माण हुआ है, जो आज विश्व भर के श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।
इस दौरान सीएम धामी ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि अब तक श्रद्धालुओं की ओर से रिकॉर्ड संख्या में पंजीकरण हुए हैं, और बाबा की कृपा से यह संख्या हर साल बढ़ रही है। सभी श्रद्धालु आएं, देवभूमि सभी के लिए तैयार है। साथ ही, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। यात्रा के दौरान जो नियम हैं, यहां सभी नियमों का पालन करें। किसी भी जगह पर गंदगी न होने दें।
उन्होंने कहा कि आज का दिन अत्यंत शुभ है। बाबा के कपाट सभी श्रद्धालुओं के लिए खुल गए हैं। पूरे देश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों को बाबा के दर्शन सुलभ हों। दर्शन बिना किसी बाधा या असुविधा के सुचारू रूप से संपन्न हों। इसके लिए मंदिर प्रशासन ने इस वर्ष बेहतरीन व्यवस्थाएं की हैं।
बता दें कि कपाटोद्घाटन के अवसर पर श्री केदारनाथ धाम को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 April 2026 2:07 PM IST












