रेखा गुप्ता ने किए मां वैष्णो देवी के दर्शन, बोलीं-देश की खुशहाली के लिए मां से प्रार्थना की
कटरा, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मां की आराधना करते हुए मैंने प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की करे, आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि देश खुशहाल रहे, समृद्ध रहे, मां से मैंने यही प्रार्थना की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि जम्मू एयरपोर्ट और कटरा में भारतीय जनता पार्टी परिवार, विशेषकर महिला मोर्चा की बहनों ने जो आत्मीय स्वागत किया, उससे मन भावविभोर हो गया। आप सभी के स्नेह, अपनत्व और आशीर्वाद के लिए हृदय से आभार व्यक्त करती हूं।
उन्होंने लिखा कि मां वैष्णो देवी का पावन धाम अनंत आस्था, शक्ति और भक्ति का केंद्र है। आज मां के दरबार में दिव्य दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। त्रिकुटा पर्वत पर विराजमान मां जगदंबा अपने भक्तों पर सदा कृपा बरसाती हैं। मां से प्रार्थना है कि आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और आनंद बना रहे। जय माता दी।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भी जानकारी दी गई कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज माता वैष्णो देवी मंदिर के पवित्र धाम में दर्शन के लिए कटरा पहुंचीं।
इससे पहले रेखा गुप्ता ने 31 जनवरी को सिद्धपीठ माता योगमाया मंदिर में पूजा की और गुरुद्वारा बाबा बंदा सिंह बहादुर जी में मत्था टेका था। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि माता योगमाया शक्ति, संरक्षण और धर्म की दिव्य चेतना हैं, जिनकी कृपा से यह नगर सदियों से आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा पाता रहा है। मां से प्रार्थना है कि हर परिवार के जीवन में सुख, स्वास्थ्य और मंगल का प्रकाश बना रहे।
सीएम ने पावन गुरुद्वारा बाबा बंदा सिंह बहादुर जी में मत्था टेककर गुरु साहिब को नमन किया था। 'एक्स' पोस्ट में लिखा था कि गुरु साहिब की कृपा से समाज में सेवा, समर्पण और समानता की भावना निरंतर बढ़ती रहे, यही प्रार्थना है। आज हम सब सप्तम पातशाह गुरु हर राय साहिब जी का पावन प्रकाश पर्व भी मना रहे हैं। इस पावन अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 April 2026 6:57 PM IST












