रेणुका शहाणे ‘हम आपके हैं कौन’ की पूजा बनकर छाईं, एक फिल्म ने बदल दी किस्मत
मुंबई, 26 मार्च (आईएएनएस)। फिल्मों में कलाकारों के कुछ किरदार ऐसे होते हैं जो हमेशा के लिए दर्शकों के बीच यादगार बन जाते हैं। रेणुका शहाणे का नाम भी उन्हीं कलाकारों में शामिल है, जिनकी पहचान एक खास किरदार से हमेशा के लिए जुड़ गई। उन्होंने अपने करियर में कई फिल्में और टीवी शोज किए, लेकिन एक फिल्म ने उनकी किस्मत ही बदल दी, जिसके बाद उनके पास फिल्म के ऑफर्स की झड़ी लग गई।
27 मार्च 1965 को मुंबई में जन्मीं रेणुका शहाणे एक मराठी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता भारतीय नौसेना में अधिकारी थे, जबकि उनकी मां शांता गोखले थिएटर और फिल्मों से जुड़ी रही हैं। बचपन से ही उन्हें कला का माहौल मिला, लेकिन उनकी जिंदगी आसान नहीं रही। जब वह छोटी थीं, तब उनके माता-पिता अलग हो गए, जिसका असर उनके बचपन पर पड़ा. इसके बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की और साइकोलॉजी में ग्रेजुएशन और फिर पोस्ट ग्रेजुएशन किया.
रेणुका ने अपने करियर की शुरुआत मराठी फिल्म 'हाच सुनबाईचा भाऊ' से की। इसके बाद उन्होंने टीवी की दुनिया में कदम रखा और दूरदर्शन के लोकप्रिय शो 'सुरभि' से जुड़ीं। उस समय टीवी पर कम चैनल हुआ करते थे, ऐसे में रेणुका का चेहरा घर-घर में पहचाने जाना लगा।
इसके बाद साल 1994 में उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ आया, जब उन्हें 'हम आपके हैं कौन' में काम करने का मौका मिला। सूरज बड़जत्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान खान और माधुरी दीक्षित मुख्य भूमिका में थे। रेणुका ने फिल्म में 'पूजा' का किरदार निभाया, जो एक आदर्श बहू और अच्छी बहन थी। उनकी सादगी ने दर्शकों का दिल जीत लिया। फिल्म में उनके किरदार की मौत का सीन इतना भावुक था कि दर्शक आज भी उसे याद करते हैं। इस एक फिल्म ने उन्हें ऐसी पहचान दी कि लोग उन्हें असल जिंदगी में भी उसी रूप में देखने लगे।
'हम आपके है कौन' के बाद रेणुका के पास कई ऑफर्स आने लगे। उन्होंने कई फिल्मों और टीवी शो में काम किया। उन्होंने हिंदी के साथ-साथ मराठी और अन्य भाषाओं की फिल्मों में भी अपनी प्रतिभा दिखाई। मराठी फिल्म 'अबोली' के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्म फेयर पुरस्कार मराठी भी मिला। इसके अलावा, उन्होंने निर्देशन के क्षेत्र में भी कदम रखा और 'त्रिभंगा' जैसी फिल्म बनाई।
निजी जिंदगी की बात करें तो रेणुका ने 25 मई 2001 को अभिनेता आशुतोष राणा से शादी की। शादी के बाद उन्होंने दो बेटे, शौर्यमन और सत्येंद्र को जन्म दिया। दोनों की लव स्टोरी काफी दिलचस्प थी. दरअसल, रेणुका और आशुतोष राणा की मुलाकात डायरेक्टर हंसल मेहता की एक फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई थी. इसके बाद बातें शुरू होने लगीं और फिर ये रिश्ता शादी के बंधन में बंध गया.
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 March 2026 2:41 PM IST












