रिटायर्ड कर्नल अजय रैना ने आईटीबीपी डीजी पर उठाए सवाल, चीन के मुद्दे पर बयान को बताया राजनीति से प्रेरित

रिटायर्ड कर्नल अजय रैना ने आईटीबीपी डीजी पर उठाए सवाल, चीन के मुद्दे पर बयान को बताया राजनीति से प्रेरित
जम्मू-कश्मीर के रिटायर्ड कर्नल अजय रैना ने आईटीबीपी डीजी शत्रुजीत कपूर के चीन के संबंध में हालिया बयान पर आपत्ति जताई है। उन्होंने डीजी के बयान को गैर-जिम्मेदाराना और राजनीति से प्रेरित बताया।

जम्मू, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के रिटायर्ड कर्नल अजय रैना ने आईटीबीपी डीजी शत्रुजीत कपूर के चीन के संबंध में हालिया बयान पर आपत्ति जताई है। उन्होंने डीजी के बयान को गैर-जिम्मेदाराना और राजनीति से प्रेरित बताया।

रिटायर्ड कर्नल अजय रैना ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, "मुझे कुछ सामान्य आपत्तियां हैं। पहली बार कि वे एक आईपीएस अधिकारी हैं और आईटीबीपी के डीपी की बाहर (सैन्य बल से बाहर) से नियुक्ति होती है। उनकी नियुक्ति जनवरी में हुई थी और 31 अक्टूबर वे रिटायर्ड हो रहे हैं। करीब 10 महीने के अपने कार्यकाल में इतना बड़ा विश्लेषण कर लिया?"

अजय रैना ने कहा, "एलएसी पर आईटीबीपी और भारतीय सेना साथ-साथ तैनात होती हैं। लड़ाई के समय भारतीय सेना पूरा नियंत्रण अपने पास रखती है। लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर यह बात कहना कि भारत चीन से नहीं लड़ सकता है और हमारी उनकी बराबरी नहीं है, यह किस आधार पर कहा गया है? आपने (आईटीबीपी डीजी) ने कहा कि चीन ने आधुनिकीकरण किया, लेकिन क्या आपको पता है कि भारतीय सेना ने कितना आधुनिकीकरण किया। यह दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर में देखा है।"

उन्होंने कहा कि दूसरी बात यह है कि जहां लड़ाई होनी है, वहां कौन कितनी सेना ला सकता है? इसमें हमें कोई संदेह नहीं है कि हम चीनी सेना से बिल्कुल निपट सकते हैं और हमने यह गलवान में करके दिखाया है।

चीन के मुद्दे पर राजनीति को लेकर उन्होंने कहा, "दो साल पहले भी लद्दाख के एसएसपी ने लिखकर दिया था कि ईस्टर्न लद्दाख हमारे (भारत) के हाथ से निकल गया है। बाद में जब एक्शन हुआ तो एसएसपी ने रिपोर्ट को वापस लिया।"

रिटायर्ड कर्नल अजय रैना ने कहा कि इस समय देश में हालात खराब हैं। हर चीज का विरोध हो रहा है और प्रदर्शन चल रहे हैं। ऐसे में आईटीबीपी के डीजी की ओर से गैर-जिम्मेदाराना बयान देना और विपक्ष के नेताओं की ओर से बयानबाजी करना सिर्फ एक राजनीति है। अजय रैना ने कहा कि आईटीबीपी डीजी को यह शोभा नहीं देता है, जहां वे सार्वजनिक तौर कहते हैं कि भारत चीन से लड़ने के काबिल नहीं है।

साथ ही, रिटायर्ड कर्नल अजय रैना ने कहा कि मैं सभी नेताओं से अपील करता हूं कि देश की सुरक्षा को राजनीति से न जोड़ें।

रिटायर्ड कर्नल अजय रैना ने कहा कि एलएसी पर झड़पें आमने-सामने की होती हैं, क्योंकि वहां पर कोई बाउंड्री पिलर नहीं हैं। हम उनके क्षेत्र में चले जाते हैं और वे हमारे क्षेत्र में आ जाते हैं। दोनों देशों के सैनिक अपना-अपना क्षेत्र बताते हैं। वहां कोई गोली नहीं चलती है, बल्कि आपस में सहमति बनाई जाती है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story