रोहित शेट्टी फायरिंग केस 1624 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, अब तक 15 आरोपी गिरफ्तार
मुंबई, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को कोर्ट में 1624 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस मामले में अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण खुलासे हुए हैं, जिन्हें चार्जशीट में दर्ज किया गया है। वहीं, मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी प्रदीप कुमार उर्फ गाठ को 17 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। उत्तर प्रदेश एसटीएफ और मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आगरा से उसे पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उसे मुंबई की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे क्राइम ब्रांच की कस्टडी में भेज दिया।
जांच में पता चला कि फायरिंग की घटना के समय प्रदीप कुमार उर्फ गाठ मौके पर मौजूद था। घटना के तुरंत बाद वह फरार हो गया था और मुंबई पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
बता दें कि इस घटना को 1 फरवरी को मुंबई के जुहू इलाके में रोहित शेट्टी के घर के बाहर अंजाम दिया गया था। इस फायरिंग ने पूरे फिल्म इंडस्ट्री में सनसनी फैल गई थी। शुरुआती जांच में इसे रंगदारी का मामला माना गया, लेकिन बाद में पुलिस को जानकारी मिली कि इस हमले के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हो सकते हैं। इसके बाद पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए ऋतिक, सनी, दीपक, विष्णु, सनी और गोलू समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मुंबई क्राइम ब्रांच लगातार इस मामले की जांच कर रही है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है। रोहित शेट्टी फायरिंग मामला फिलहाल मुंबई की विशेष अदालत में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि चार्जशीट दाखिल करने के बाद आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 April 2026 10:41 PM IST












