आरपीएफ जवानों की सतर्कता से बची यात्री की जान, ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंसे यात्री को बचाया
कल्याण, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। कल्याण रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ जवानों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस गए एक यात्री की जान बच गई। यह घटना प्लेटफार्म नंबर 4 पर हुई, जब पुणे-सतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस स्टेशन से रवाना हो रही थी।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी 63 वर्षीय यात्री अश्विनी कुमार बर्वे ट्रेन में सवार होने की कोशिश कर रहे थे। दरअसल, वे चाय पीने के लिए प्लेटफार्म पर उतरे थे। इस बीच जब ट्रेन चल पड़ी तो वे जल्दबाजी में चढ़ने लगे। उसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे ट्रेन तथा प्लेटफार्म के बीच की खतरनाक जगह में फंस गए। स्थिति बेहद गंभीर थी और एक बड़ा हादसा हो सकता था।
ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के प्रधान आरक्षक गजानन अंभोरे और एमएसएफ जवान विशाल जाधव ने इस घटना को देखा तो वे तुरंत समझ गए कि यात्री की जान खतरे में है। दोनों जवानों ने बिना समय गंवाए दौड़ लगाई। उन्होंने बड़ी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी इस बहादुरी की वजह से यात्री की जान बच गई।
बचाए गए यात्री अश्विनी कुमार बर्वे ने बाद में बताया कि वे चाय पीने प्लेटफार्म पर उतरे थे। ट्रेन छूटते देख वे घबरा गए और जल्दी में चढ़ने की कोशिश की। इसी में उनका पैर फिसल गया। उन्होंने आरपीएफ जवानों का दिल से आभार जताया और कहा कि उनकी सतर्कता ने उन्हें मौत के मुंह से बचा लिया।
पूरी घटना को स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों ने रिकॉर्ड कर लिया है। इस फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे दोनों जवान तेजी से दौड़े और यात्री को बचाया। स्टेशन परिसर में इस घटना की काफी चर्चा हो रही है। लोगों ने आरपीएफ जवानों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि इन जवानों की मुस्तैदी और साहस ने एक परिवार को दुख से बचाया।
रेलवे स्टेशनों पर अक्सर यात्री जल्दबाजी में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश करते हैं, जिससे ऐसे हादसे हो सकते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 April 2026 5:14 PM IST












