रूस के हमलों से दहला यूक्रेन, खार्किव में ड्रोन स्ट्राइक से एक की मौत, नौ घायल

रूस के हमलों से दहला यूक्रेन, खार्किव में ड्रोन स्ट्राइक से एक की मौत, नौ घायल
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा क‍िया क‍ि रूस ने फिर शन‍िवार रात बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। इन हमलों में एक बार र‍िहायशी इमारतों को न‍िशाना बनाया गया है। हमलों में कई लोग घायल हुए हैं।

नई द‍िल्‍ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा क‍िया क‍ि रूस ने फिर शन‍िवार रात बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। इन हमलों में एक बार र‍िहायशी इमारतों को न‍िशाना बनाया गया है। हमलों में कई लोग घायल हुए हैं।

जेलेंस्की ने बताया कि यूक्रेन लगातार अपने सहयोगी देशों के साथ मिलकर हवाई रक्षा को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है, ताकि ऐसे हमलों से लोगों की जान बचाई जा सके।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर ल‍िखा, ''खार्किव में रिहायशी इमारतों पर हुए ड्रोन हमले के बाद मौके पर सभी जरूरी आपातकालीन सेवाएं तैनात कर दी गई हैं। दुख की बात है कि इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत नौ लोग घायल हुए हैं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवारों और अपने प्रियजनों के साथ हैं।''

जेलेंस्की ने बताया क‍ि क्रिवी रीह में एक आम बिल्डिंग सप्लाई हाइपरमार्केट में लगी आग को बुझाने का काम राज्य आपातकालीन सेवा की टीमें लगातार कर रही हैं।

जेलेंस्की ने पोस्‍ट में कहा, ''कुल मिलाकर, शन‍िवार रात रूस ने यूक्रेन पर आठ मिसाइलें और अलग-अलग तरह के 136 ड्रोन दागे। इनमें से कई को मार गिराया गया, लेकिन अफसोस कि सभी को नहीं रोका जा सका।''

जेलेंस्की ने कहा क‍ि खेरसॉन, डोनेट्स्क, नीपर, खार्किव, सूमी, ओडेसा, मायकोलाइव, जापोरिज्जिया और चेर्निहाइव क्षेत्रों के साथ-साथ कीव भी हमलों का निशाना बना। राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया, जिसमें तीन लोग घायल हुए।

यूक्रेनी राष्‍ट्रपत‍ि ने बताया क‍ि पूरे हफ्ते में रूस ने यूक्रेन के खिलाफ लगभग 1,700 ड्रोन, 1,630 से जयादा गाइडेड एरियल बम और अलग-अलग तरह की 95 मिसाइलों का इस्तेमाल किया। इनमें आधे से ज्‍यादा बैलिस्टिक मिसाइलें थीं।

उन्‍होंने बताया क‍ि हर दिन हम अपने साझेदार देशों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि हमारे सैनिकों के पास इन हमलों का मुकाबला करने के लिए ज़रूरी साधन मौजूद हों। हमें बैलिस्टिक हमलों के जरिए रूस जो बढ़त हासिल करना चाहता है, उसे रोकना होगा।

जेलेंस्की ने बताया क‍ि इसी वजह से यह बहुत जरूरी है कि एंटी-बैलिस्टिक रक्षा सिस्टम के पैकेज समय पर पहुंचे। इस समय हर इंटरसेप्टर मिसाइल सचमुच लोगों की जान बचाने में मदद कर रही है, अगर वह यूक्रेन के रक्षा सिस्टम में मौजूद है, न कि हमारे साझेदारों के गोदामों में पड़ी है।

उन्‍होंने कहा जो भी लोग इस तरह हमारी मदद कर रहे हैं, उन सभी का धन्यवाद।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 July 2026 5:14 PM IST

Tags

Next Story