साध्वी निरंजन ज्योति बनीं एनसीबीसी की अध्यक्ष, किरण महाले ने सदस्य पद संभाला
नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता साध्वी निरंजन ज्योति ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (एनसीबीसी) के अध्यक्ष का कार्यभार 18 मार्च से और किरण उमेश महाले ने आयोग के सदस्य का कार्यभार 20 मार्च से ग्रहण कर लिया है। शुक्रवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
साध्वी निरंजन ज्योति पूर्व सांसद हैं और वे ग्रामीण विकास तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालयों में केंद्रीय राज्य मंत्री सहित कई महत्वपूर्ण सार्वजनिक पदों पर रह चुकी हैं। वे सामाजिक एवं सामुदायिक विकास गतिविधियों में विशेष कर समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सक्रियता से संलग्न रही हैं। सार्वजनिक जीवन और शासन में उनके अनुभव से आयोग के दायित्वों के प्रभावी निर्वहन में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की संभावना है।
वहीं, किरण उमेश महल्ले अनुभवी जनप्रतिनिधि हैं, जिन्हें सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों का व्यापक अनुभव है। वे अमरावती नगर निगम की महापौर रह चुकी हैं और सार्वजनिक जीवन में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रही हैं। वे महिला सशक्तीकरण, सामाजिक कल्याण और जमीनी स्तर के शासन संबंधित पहल में सक्रिय रूप से शामिल रही हैं। कई सहकारी और सामाजिक संस्थाओं से उनका जुड़ाव समावेशी विकास के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता दर्शाता है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने कहा कि एनसीबीसी अध्यक्ष और सदस्य का हार्दिक स्वागत करता है। मंत्रालय देशभर में पिछड़े वर्ग के लोगों के कल्याण, संरक्षण और सामाजिक-आर्थिक विकास की दिशा में आयोग के दायित्व को और सुदृढ़ बनाने में उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन और समर्पित सेवा की आशा करता है।
साध्वी निरंजन ज्योति केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के पहले दो कार्यकाल में मंत्री रही हैं। उन्हें 2014 में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री बनाया गया था। 2019 में दूसरी बार सरकार बनने पर साध्वी निरंजन ज्योति को ग्रामीण विकास मंत्रालय (राज्य मंत्री) की जिम्मेदारी सौंपी गई। 2021 में उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय (राज्य मंत्री) में जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 March 2026 5:46 PM IST












