साहिबा बाली के पुराने वीडियो पर भड़के अशोक पंडित ने माफी की मांग की

साहिबा बाली के पुराने वीडियो पर भड़के अशोक पंडित ने माफी की मांग की
अभिनेत्री और कंटेंट क्रिएटर साहिबा बाली इन दिनों सोशल मीडिया पर भारी आलोचना का सामना कर रही हैं। पुराने वीडियो क्लिप्स वायरल होने के बाद उन्हें लोगों की तरफ से कड़ी निंदा का सामना करना पड़ रहा है।

मुंबई, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेत्री और कंटेंट क्रिएटर साहिबा बाली इन दिनों सोशल मीडिया पर भारी आलोचना का सामना कर रही हैं। पुराने वीडियो क्लिप्स वायरल होने के बाद उन्हें लोगों की तरफ से कड़ी निंदा का सामना करना पड़ रहा है।

दरअसल, अभिनेत्री ने कुछ साल पहले एक पॉडकास्ट के दौरान फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को 'खराब' और 'प्रोपेगेंडा' बताया था। साथ ही, अपनी पाकिस्तान यात्रा की जमकर तारीफ की थी। उनका यह वीडियो अब वायरल हो रहा है, जिस वजह से उन पर देश विरोधी का आरोप लगाया जा रहा है। बुधवार को साहिबा की वायरल क्लिप पर निर्देशक अशोक पंडित ने प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उन्होंने साहिबा बाली और पॉडकास्ट होस्ट साइरस ब्रोचा की कड़ी निंदा की। वीडियो में अशोक पंडित कहते हैं, "एक पुराना पॉडकास्ट वायरल हो रहा है, जिसमें साइरस ब्रोचा के साथ साहिबा बाली मेहमान हैं। साहिबा खुद को कश्मीरी बताती हैं। इस पॉडकास्ट में अभिनेत्री ने कश्मीर फाइल्स के बारे में बहुत अजीब और बेतुके तरीके से बात की है। वे कश्मीरी पंडितों के नरसंहार का सम्मान नहीं कर रही हैं या शायद समझ नहीं पा रही हैं।"

अशोक ने आगे कहा कि साहिबा एक अच्छी अभिनेत्री हैं और कई वेब सीरीज में काम कर चुकी हैं, लेकिन कश्मीर के इतिहास से अनजान लगती हैं। उन्हें नहीं पता कि कश्मीरी पंडितों के साथ जातीय सफाया (एथनिक क्लीनजिंग) हुआ था। हजारों परिवारों को घर छोड़कर भागना पड़ा था। उन्होंने कहा, "साहिबा जी, आप किस दुनिया में जी रही हैं? क्या आपको 1990 के उन दिनों की खबरें नहीं पता? जब गिरजा टिक्कू जैसी महिलाओं के साथ दुष्कर्म हुए और हत्याएं हुई थीं। पंडित टिकला टप्पुर जैसी घटनाएं हुईं। कुलडाला जैसे इलाकों में क्या हुआ, यह सब आपको पता होना चाहिए।"

निर्देशक ने कहा कि साहिबा का जन्म कश्मीर में नहीं हुआ और वे वहां नहीं रहीं, शायद इसलिए उन्हें वहां की सच्चाई का अंदाजा नहीं है। उन्होंने साहिबा को सलाह देते हुए कहा कि यूट्यूब पर कश्मीरी पंडितों की डॉक्यूमेंट्री देखें। उन्होंने कहा, "आप एयर कंडीशंड कमरों में आराम से बैठकर इन घटनाओं का मजाक उड़ा रही हैं, लेकिन जो लोग इससे गुजरे थे, उनके लिए यह बहुत दर्दनाक था।"

उन्होंने कहा, "आप अपनी जिंदगी जैसे चाहें जी सकते हैं, इसमें हमें कोई दिक्कत नहीं है। हमें इससे कोई आपत्ति भी नहीं है लेकिन प्लीज साढ़े चार लाख कश्मीरी हिंदुओं, कश्मीरी पंडितों के दर्द का मजाक उड़ाने की हिम्मत मत कीजिए; उनका दर्द आज भी कायम है। जरा जाकर जाकती कैंप में देखिए कि कश्मीरी पंडित किस हालत में जी रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि एक कश्मीरी होने के नाते वह इस इंटरव्यू में अपनी जातीय हिंसा और नरसंहार का मजाक उड़ाए जाने की कड़ी निंदा करने के साथ ही साहिबा से माफी मांगने की मांग की।

उन्होंने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "साहिबा बाली द्वारा पाकिस्तान की तारीफ करने पर उनके भारत के प्रति इरादों पर सवाल उठाता हूं। साथ ही उन्होंने भारत सरकार और संबंधित एजेंसियों से अपील की कि उनके देश विरोधी व्यवहार की जांच की जाए। इसके अलावा यह खुलासा हुआ है कि वह आम आदमी पार्टी के टूलकिट का हिस्सा हैं। ऐसा असंवेदनशील व्यवहार एक पढ़े-लिखे और समझदार व्यक्ति जैसे साइरस ब्रोचा, जो मेरे प्रिय मित्र भी हैं, से ऐसी उम्मीद नहीं थी।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 April 2026 1:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story