समुद्र में डूबे जहाज के चालक दल की तलाश, लाइफबोट मिली क्रू मेंबर्स लापता

समुद्र में डूबे जहाज के चालक दल की तलाश, लाइफबोट मिली क्रू मेंबर्स लापता
बंगाल की खाड़ी में 24 सदस्यीय चालक दल वाले एक व्यापारी जहाज एमवी ओशन विनर व उसके क्रू मेंबर अभी लापता हैं। यह बल्क कैरियर बंगाल की खाड़ी में डूब गया था। जहाज पर 24 क्रू मेंबर्स सवार थे। जिनमें से 22 सदस्य लापता हैं।

नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। बंगाल की खाड़ी में 24 सदस्यीय चालक दल वाले एक व्यापारी जहाज एमवी ओशन विनर व उसके क्रू मेंबर अभी लापता हैं। यह बल्क कैरियर बंगाल की खाड़ी में डूब गया था। जहाज पर 24 क्रू मेंबर्स सवार थे। जिनमें से 22 सदस्य लापता हैं।

चालक दल में से 2 लोगों को सुरक्षित बचा लिया था। शेष लोगों की तलाश के लिए भारतीय तटरक्षक बल ने अभियान और तेज कर दिया है। चीन के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र एमआरसीसी बीजिंग के साथ तालमेल बनाकर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। इलाके में मौजूद अतिरिक्त तटरक्षक जहाजों और व्यापारिक जहाजों को भी तलाश अभियान में शामिल किया गया है।

पनामा ध्वज वाले मालवाहक जहाज ‘एमवी ओशन विनर’ के क्रू मेंबर की तलाश में नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल ने संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया है। जहाज पर 20 चीनी, 3 म्यांमार और एक बांग्लादेशी नागरिक सवार थे।

भारतीय तटरक्षक पोत आईसीजीएस वरद आसपास मौजूद व्यापारिक जहाजों के साथ मिलकर लापता चालक दल के सदस्यों की बड़े स्तर पर तलाश कर रहा है। अभियान के दौरान एक नौसैनिक विमान ने हवाई तलाशी के समय संकट का संकेत मिलने की जानकारी दी। इसके बाद विमान ने आईसीजीएस वरद को उस स्थान की ओर निर्देशित किया, जहां से यह संकेत मिला था।

आईसीजीएस वरद ने मौके पर पहुंचकर एक आपातकालीन संकेत उपकरण बरामद किया। जांच में इसकी पहचान एमवी ओशन विनर से जुड़े उपकरण के रूप में हुई। इसके बाद तलाशी अभियान को और मजबूत करने के लिए भारतीय तटरक्षक बल के अतिरिक्त संसाधनों को भी लगाया गया।

बचाव अभियान के दौरान 25 अगस्त को सुबह आईसीजीएस वरद को एमवी ओशन विनर की एक लाइफबोट भी दिखाई दी। इसके बाद तटरक्षक बल की टीम लाइफबोट पर पहुंची और उसकी जांच की। हालांकि, लाइफबोट में कोई व्यक्ति नहीं मिला।

चालक दल के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। भारतीय तटरक्षक बल के जहाज, विमान और आसपास मौजूद व्यापारिक जहाज लगातार समुद्र के बड़े क्षेत्र में खोज अभियान चला रहे हैं।

तटरक्षक बल ने कहा है कि लापता चालक दल के सदस्यों को खोजने के लिए अभियान पूरी गंभीरता और लगातार प्रयासों के साथ जारी है। अभियान में उपलब्ध अतिरिक्त तटरक्षक संसाधनों को भी लगाया जा रहा है, ताकि तलाशी क्षेत्र को और व्यापक बनाया जा सके।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 Aug 2026 9:55 PM IST

Tags

Next Story