संदीप चौधरी एक दुर्घटना से बदली जिंदगी, फिर भी नहीं मानी हार, विश्व पैरा एथलेटिक्स में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। 'मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है; पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।' ये लाइनें भारत के पैरा एथलीट संदीप चौधरी पर एकदम फिट बैठती हैं। संदीप का वो हौसला ही था, जिसके दम पर उन्होंने खेलों की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई।
संदीप का जन्म 10 अप्रैल 1966 को राजस्थान के झुंझुनूं जिले के मेहाड़ा जाटूवांस में हुआ। महज 12 साल की उम्र में संदीप एक कार दुर्घटना का शिकार हो गए थे, जिसमें बाएं कूल्हे के जोड़ में गंभीर चोट आई और वह शारीरिक रूप से अक्षम हो गए। हालांकि, इसके बावजूद संदीप ने हार मानी और खेलों के प्रति अपनी रुचि को बनाए रखा। संदीप शुरुआत में फुटबॉल के खेल में गोलकीपर की भूमिका निभाते थे। संदीप की बाहों में इतनी ताकत थी कि वह फुटबॉल को हाथों से ही आधे मैदान पर फेंक दिया करते थे।
संदीप की इस काबिलियत को देखने के बाद उनके दोस्तों ने उन्हें जैवलिन थ्रो के खेल में जाने की सलाह दी। संदीप ने दोस्तों की सलाह मानी और जैवलिन थ्रो में अपना करियर बनाने का फैसला किया। इस फैसले के बाद संदीप ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। संदीप ने 2016 में हुए बर्लिन ओपन में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक को अपने नाम किया। वहीं, रिओ पैरालंपिक में भी उनका प्रदर्शन दमदार रहा और वह चौथे स्थान पर रहे।
2018 में हुए एशियाई पैरा खेलों में संदीप पहली बार सुर्खियों में आए। उन्होंने 60.01 मीटर का थ्रो फेंककर स्वर्ण पदक को अपने नाम किया। वहीं, इसके ठीक एक साल बाद, यानी 2019 में, संदीप ने विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 66.18 मीटर का थ्रो फेंकते हुए न सिर्फ स्वर्ण पदक जीता, बल्कि नया विश्व रिकॉर्ड भी बना डाला। 2020 में हुए टोक्यो पैरा ओलंपिक और 2024 में खेले गए पेरिस ओलंपिक में भी संदीप ने देश का प्रतिनिधित्व किया। पेरिस ओलंपिक में संदीप चौथे स्थान पर रहे। साल 2024 में विश्व पैरा एथलेटिक्स 2024 में संदीप ने कांस्य पदक को अपने नाम किया। संदीप से आने वाले वर्षों में देश को कई और मेडल की आस होगी। साल 2020 में संदीप को 'अर्जुन अवॉर्ड' से भी सम्मानित किया जा चुका है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 April 2026 6:54 PM IST












