संजय राउत का आरोप बेबुनियाद, बिना सबूत बोलने की आदत राजू वाघमारे

संजय राउत का आरोप बेबुनियाद, बिना सबूत बोलने की आदत राजू वाघमारे
शिवसेना प्रवक्ता राजू वाघमारे ने शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें निराधार बताया। उन्होंने सांसदों की सुरक्षा बढ़ाने के मुद्दे पर सरकार का बचाव किया और कहा कि सुरक्षा प्रदान करने का निर्णय पूरी तरह गृह मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आता है, न कि किसी राजनीतिक दल के।

मुंबई, 18 जून (आईएएनएस)। शिवसेना प्रवक्ता राजू वाघमारे ने शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें निराधार बताया। उन्होंने सांसदों की सुरक्षा बढ़ाने के मुद्दे पर सरकार का बचाव किया और कहा कि सुरक्षा प्रदान करने का निर्णय पूरी तरह गृह मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आता है, न कि किसी राजनीतिक दल के।

राजू वाघमारे ने कहा कि राजनीति में हर बात किसी की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं होती और जब ऐसा नहीं होता तो कुछ लोगों को वह धोखा प्रतीत होता है। उन्होंने संजय राउत और यूबीटी के कुछ प्रवक्ताओं की बयानबाजी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनकी भाषा और आरोपों का स्तर बेहद निम्न है। जिस प्रकार की बयानबाजी और गाली-गलौज की राजनीति की जा रही है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हम उनकी भावनाओं को समझते हैं कि वे परेशान और दुखी हो सकते हैं, लेकिन जिस तरह के बयान दिए जा रहे हैं, उससे लगता है कि उन्हें गंभीर आत्ममंथन की आवश्यकता है।

सांसदों की सुरक्षा बढ़ाने को लेकर संजय राउत द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना प्रवक्ता ने कहा कि उनकी पार्टी स्पष्ट कर चुकी है कि न तो एकनाथ शिंदे ने और न ही शिवसेना ने किसी प्रकार का कथित ऑपरेशन टाइगर चलाया है। जब ऐसा कोई अभियान ही नहीं चलाया गया, तो यह कहना कि किसी विशेष राजनीतिक उद्देश्य से सांसदों को सुरक्षा दी जा रही है, पूरी तरह गलत है।

उन्होंने आगे कहा कि सांसदों को सुरक्षा देना या न देना गृह मंत्रालय का विषय है। सुरक्षा एजेंसियां खतरे के आकलन के आधार पर निर्णय लेती हैं। यदि किसी जनप्रतिनिधि को सुरक्षा की आवश्यकता महसूस होती है, तो सरकार उसे सुरक्षा उपलब्ध कराती है। यह फैसला किसी राजनीतिक दल का नहीं होता। संजय राउत को भी सरकार की ओर से सुरक्षा प्रदान की गई है। सुरक्षा किसी व्यक्ति के राजनीतिक विचारों के आधार पर नहीं बल्कि उसकी सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए तय की जाती है।

उन्होंने कहा कि संजय राउत जिस तरह की बातें करते हैं, उससे कई लोगों की भावनाएं आहत होती हैं। सरकार ने उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित की है। इसलिए यह कहना कि किसी विशेष दल ने सुरक्षा उपलब्ध कराई है, पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन है।

भाजपा और शिवसेना पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर वाघमारे ने कहा कि संजय राउत को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास पर भी नजर डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिवसेना और भाजपा ने मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ा था और बहुमत भी प्राप्त किया था, लेकिन बाद में महाविकास आघाड़ी का गठन कर राजनीतिक समीकरण बदले गए। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा की पीठ में खंजर किसने भोंका और महाविकास आघाड़ी की स्थापना किसने की, यह जनता अच्छी तरह जानती है। राजनीति में जिस स्तर की शुरुआत की बात आज की जा रही है, उसकी शुरुआत किसने की, इसका जवाब भी जनता के पास है।

सांसदों को कथित तौर पर धन देकर अपने पक्ष में करने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना प्रवक्ता ने कहा कि ऐसे आरोपों का कोई आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कोई भी व्यक्ति कुछ भी कह सकता है, लेकिन आरोपों को साबित करने के लिए ठोस सबूत और प्रमाण होने चाहिए। कभी दस करोड़, कभी सौ करोड़ और कभी हजार करोड़ रुपये देकर सांसद खरीदने जैसी बातें कही जाती हैं, लेकिन इन आरोपों के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया जाता। बिना प्रमाण के इस प्रकार के आरोप लगाना केवल मीडिया और जनता का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 Jun 2026 8:21 PM IST

Tags

Next Story