सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा का केंद्र और यूपी सरकार पर हमला, पहलगाम हमले पर कार्रवाई न होने का आरोप
लखनऊ, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के भाजपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने बुधवार को कई मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।
सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "पहलगाम में हुए आतंकी हमले को एक साल बीत चुका है, लेकिन अब तक दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। केंद्र सरकार न तो हमलावरों को पकड़ पाई है और न ही उन्हें मार गिराने में सफल रही है।"
मेहरोत्रा ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के अंदर कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। उनके अनुसार, सेना आगे भी कार्रवाई के लिए तैयार थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय दबाव, खासकर अमेरिका के हस्तक्षेप के चलते युद्धविराम का ऐलान कर दिया गया। उन्होंने दावा किया कि यदि यह युद्धविराम नहीं होता, तो हालात अलग हो सकते थे।
उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए मेहरोत्रा ने गाजीपुर में हुई एक किशोरी की कथित बलात्कार और हत्या की घटना का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने गया, तो उन पर भी हमला किया गया। उन्होंने इसे प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए कहा कि राज्य में 'जंगल राज' जैसी स्थिति बन गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह विफल रही है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उनके अनुसार, पुलिस और राजनीतिक प्रतिनिधियों पर हमले इस बात का संकेत हैं कि कानून का भय खत्म हो चुका है।
गौवंश से जुड़े मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा और दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक गायों की हत्या और मांस का निर्यात हो रहा है। साथ ही उन्होंने शंकराचार्य द्वारा गाय को 'राजमाता' घोषित करने के अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाने में नाकाम रही है।
महिलाओं पर दिए गए एक विवादित बयान को लेकर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी और कहा कि किसी सांसद को इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने इसे महिलाओं का अपमान बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए मेहरोत्रा ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए छापेमारी की जाती है। उन्होंने ममता बनर्जी का उदाहरण देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में भी इस तरह की कार्रवाई देखने को मिली है। हालांकि, उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का सम्मान करने की बात कही।
आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण और तमिलनाडु का मतदान गुरुवार को होने वाला है। उन्होंने दावा किया कि इन राज्यों में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 April 2026 10:41 PM IST












