'सरके चुनर' विवाद पर नोरा फतेही ने तोड़ी चुप्पी, कहा- 'बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था, ये इतना भद्दा है'
मुंबई, 18 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही इन दिनों पैन इंडिया फिल्म 'केडी- द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' को लेकर विवादों का सामना कर रही हैं। इस गाने में उनके साथ संजय दत्त नजर आ रहे हैं। गाना रिलीज के बाद से सुर्खियों में छाया हुआ है, जिसे बाद में बढ़ते विरोध के बाद मेकर्स ने यूट्यूब से हटा दिया।
दूसरी तरफ, गाने के बोल और डांस स्टेप्स को लोग अश्लील करार दे रहे हैं और विरोध दर्ज करा रहे हैं। इसी बीच एक्ट्रेस नोरा फतेही ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और बताया कि उन्हें बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि यह इतना भद्दा है।
नोरा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह कहती दिख रही है, "तीन साल पहले मैंने इस गाने को कन्नड़ भाषा में शूट किया था। मैंने यह गाना इसलिए किया क्योंकि यह एक बड़ी फिल्म थी और इसमें बड़े अभिनेता संजय दत्त हैं। मुझे फिल्म मेकर्स पर भी काफी भरोसा था, इसलिए मैं इस गाने को करने के लिए राजी हो गई। जब मैंने यह गाना शूट किया तो मुझे बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि यह इतना भद्दा है, लेकिन जब मैंने इसको हिंदी में सुना तो मुझे समझ में आया कि यह बेहद भद्दा है।"
इस वीडियो को साझा करते हुए नोरा ने कैप्शन में लिखा, ''मैं बिल्कुल नहीं चाहती कि कोई यह सोचे कि मैं इस चीज का समर्थन करती हूं। जो भी विरोध हुआ है, उसके लिए मैं धन्यवाद देना चाहती हूं, क्योंकि इसी दबाव की वजह से फिल्म मेकर्स ने आखिरकार उस गाने को हटा दिया।''
उन्होंने आगे लिखा, ''मैं सभी से यह भी अनुरोध करती हूं कि कृपया उस गाने को आगे शेयर करना बंद करें, क्योंकि ऐसा करके आप उसे बेवजह और प्लेटफॉर्म दे रहे हैं। दूसरी तरफ, मैं यह भी देख रही हूं कि कुछ लोग इस मौके का इस्तेमाल मेरे कैरेक्टर पर सवाल उठाने के लिए कर रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।''
नोरा ने आखिर में लिखा, ''खैर, मैं और मेरी टीम आगे से ऐसे मामलों में और ज्यादा सावधानी बरतेंगे। लेकिन, मैं फिर से साफ करना चाहती हूं कि मुझे उस हिंदी गाने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी, मैंने उस पर परफॉर्म नहीं किया और मेरी इमेज के साथ उसे इस्तेमाल करने की कोई अनुमति भी नहीं ली गई थी।''
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 March 2026 5:19 PM IST












