सशस्त्र बलों के वीरता पुरस्कार विजेताओं को सौगात, अब सभी ट्रेनों में निशुल्क यात्रा

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। देश की रक्षा में असाधारण साहस और वीरता दिखाने वाले सशस्त्र बलों के जवानों को अब और अधिक ट्रेनों में यात्रा की सुविधा मिलेगी। ‘चक्र’ श्रृंखला के वीरता पुरस्कार विजेता जवान वंदे भारत सहित देश की सभी ट्रेनों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। रेल मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय के साथ विचार-विमर्श के बाद इस सुविधा का विस्तार किया है।
इससे पहले, यह सुविधा कुछ निर्धारित ट्रेनों तक सीमित थी। ‘चक्र’ श्रृंखला में परमवीर चक्र, महावीर चक्र, वीर चक्र, अशोक चक्र, कीर्ति चक्र व शौर्य चक्र आदि देश के सर्वोच्च सैन्य वीरता पुरस्कार शामिल हैं। ये पुरस्कार युद्ध के दौरान दुश्मन के सामने असाधारण बहादुरी, साहस और बलिदान का परिचय देने वाले सैनिकों को दिए जाते हैं।
परमवीर चक्र देश का सर्वोच्च सैन्य वीरता पुरस्कार है। रेलवे ने ऐसे वीरता पुरस्कार विजेताओं को यह तोहफा दिया है। अब ये पुरस्कार विजेता जवान व अधिकारी वंदे भारत सहित सभी ट्रेनों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। जहां पहले यह सुविधा केवल निर्धारित ट्रेनों तक सीमित थी, वहीं अब इसे सभी ट्रेनों पर लागू कर दिया गया है।
रेल मंत्रालय की इस पहल से देश के उन वीर जवानों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया है, जिन्होंने देश की रक्षा में अदम्य साहस, वीरता और बलिदान का परिचय दिया है। सेना ने बुधवार को बताया कि नई व्यवस्था के तहत चक्र श्रृंखला के वीरता पुरस्कार विजेताओं को वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
मंत्रालय के अनुसार, इस फैसले से पुरस्कार विजेताओं को पहले से मिल रहे यात्रा संबंधी अधिकारों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उनकी मौजूदा पात्रता और सुविधाएं पहले की तरह ही रहेंगी। केवल निशुल्क यात्रा की सुविधा का विस्तार करते हुए इसमें अब सभी ट्रेनों को शामिल कर लिया गया है।
यह पहल देश के वीर जवानों की बहादुरी, त्याग और राष्ट्र के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य उन सैनिकों के योगदान को सम्मान देना है, जिन्होंने देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए अपना सब कुछ न्योछावर किया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
